विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Krishi Vyapar› Up Paddy Procurement To Begin In Two Phases Msp And Targets Fixed Farmer Id Mandatory When Will Procurement

UP: दो चरणों में शुरू होगी धान खरीद, MSP और लक्ष्य तय, फार्मर आइडी जरूरी, आपके जिले में कब से होगी खरीद?

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 09 Oct 2026 05:24 PM IST
सार

  • उत्तर प्रदेश सरकार ने खरीफ 2026-27 के लिए धान खरीद की तारीखों का एलान कर दिया है
  • खरीद दो चरणों में शुरू होगी, पहला चरण खासतौर से पश्चिमी और दूसरा चरण पूर्वी जिलों को कवर करेगा
  • प्रदेश सरकार ने 65 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य तय किया है
  • सीएम योगी ने खरीद के 48 घंटों के अंदर किसानों के बैंक खाते में भुगतान करने का निर्देश दिया है

यूपी में धान खरीद की तारीखों का एलान
यूपी में धान खरीद की तारीखों का एलान - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश सरकार ने खरीफ 2026-27 के लिए धान खरीद की तारीखों का एलान कर दिया है। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में 12 अक्तूबर और पूर्वी हिस्से में एक नवंबर से धान खरीद का काम शुरू होगा। किसानों को धान (सामान्य) के लिए 2441 रुपये और धान (ग्रेड ए) के लिए 2461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा।

धान खरीद के लक्ष्य में बढ़ोतरी 
प्रदेश सरकार ने इस साल 65 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य तय किया है। वहीं, पिछले खरीद सीजन में 62 लाख मीट्रिक टन की रिकॉर्ड खरीद हुई थी।  इस बार खरीद की जिम्मेदारी 8 एजेंसियों को दी गई है, जबकी खरीद केंद्रों की संख्या 4500 है। 

48 घंटे में भुगतान और बारदाने की व्यवस्था का हाल
सीएम योगी ने धान खरीद के 48 घंटों के अंदर किसानों के बैंक खाते में भुगतान करने का निर्देश दिया है। खाद्य व रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि बारदाने के लिए 80 हजार बोरों की व्यवस्था हो चुकी है। उन्होंने आज शाम एक लाख अतिरिक्त बोरों का इंतजाम करने की बात कही।

दो चरणों में शुरू होगी धान की खरीद 
इस बार धान खरीद की प्रक्रिया को दो चरणों में बांटा गया है। पहले चरण के तहत 12 अक्तूबर से 15 फरवरी तक खरीद चलेगी, जिसमें  मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़ और झांसी संभाग शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ संभाग के हरदोई, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिले में भी इसी दौरान धान खरीदा जाएगा।

दूसरा चरण एक नवंबर से 28 फरवरी तक चलेगा, जिसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज संभाग में 1 नवंबर से खरीद शुरू होगी। इसके अलावा, लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जिले के किसान भी इसी अवधि में अपना धान बेच सकेंगे।

14 हजार किसानों ने कराया पंजीकरण
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक लगभग 14 हजार किसान पंजीकरण करा चुके हैं। 9 अक्तूबर  को दोपहर दो बजे तक 13,943 किसानों ने अपना पंजीकरण पूरा कर लिया है। सरकार के अनुसार, इस बार धान की खरीद किसानों की फॉर्मर आईडी के आधार पर ही की जाएगी, जिससे प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।


विज्ञापन
विज्ञापन