कर्नाटक : गन्ने और मजदूरों की कमी से सरकारी चीनी मिल में पेराई बंद, क्षमता के मुकाबले काफी कम पहुंचा गन्ना
गांव जंक्शन डेस्क, बेंगलुरु
Published by: Umashankar Mishra
Updated Tue, 17 Nov 2026 02:37 PM IST
सार
मैसूर स्थित कर्नाटक की एकमात्र सरकारी चीनी मिल को अगले पेराई सीजन से पहले नए बॉयलर हाउस का निर्माण भी शुरू करना है। मिल ने इस सीजन में 4.6 लाख टन गन्ने की खरीद का लक्ष्य रखा था, लेकिन पेराई बंद होने तक करीब 2.1 लाख टन गन्ने का ही प्रसंस्करण कर सकी।
मिल 4.6 लाख टन गन्ने के लक्ष्य के मुकाबले करीब 2.1 लाख टन की ही पेराई कर सकी।
- फोटो : AI Image
कर्नाटक की एकमात्र सरकारी चीनी मिल MySugar ने गन्ने और कटाई मजदूरों की कमी के चलते सोमवार को पेराई बंद कर दी। मैसूर स्थित इस मिल को अगले पेराई सीजन से पहले नए बॉयलर हाउस का निर्माण भी शुरू करना है। मिल ने इस सीजन में 4.6 लाख टन गन्ने की खरीद का लक्ष्य रखा था, लेकिन पेराई बंद होने तक करीब 2.1 लाख टन गन्ने का ही प्रसंस्करण कर सकी।
क्षमता के मुकाबले काफी कम पहुंचा गन्ना
मिल के अध्यक्ष सीडी गंगाधर ने अचानक पेराई बंद करने और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों से बातचीत के बाद फैसले की जानकारी मीडिया के माध्यम से एक सप्ताह पहले ही दे दी गई थी।
गंगाधर के अनुसार, मिल की रोजाना पेराई क्षमता 2,500 से 3,000 टन है, लेकिन उसे एक दिन छोड़कर केवल 200 से 300 टन गन्ना ही मिल रहा था। इससे पेराई जारी रखना मुश्किल हो गया। कटाई मजदूर भी उत्तर कर्नाटक की निजी चीनी मिलों में पेराई शुरू होने के बाद वहां चले गए हैं।
किसानों का बाकी गन्ना निजी मिलें खरीदेंगी
मिल अध्यक्ष के मुताबिक, अब केवल 10 से 15 हजार टन गन्ने की खरीद बाकी थी। MySugar के साथ समझौता करने वाले कई किसानों ने भी अपनी फसल निजी मिलों को दे दी थी। मिल में इस सीजन की पेराई 20 जुलाई को शुरू हुई थी और तब तक करीब 2.1 लाख टन गन्ने की पेराई हुई।
उन्होंने आश्वासन दिया कि समझौते के तहत किसानों के पास बचा गन्ना नजदीकी निजी चीनी मिलों के जरिए खरीदा जाएगा। ये मिलें कटाई मजदूरों की व्यवस्था करने के साथ खेतों से गन्ना उठाएंगी। गन्ने का वजन MySugar के तौल केंद्र पर होगा और भुगतान एक सप्ताह के भीतर सीधे किसानों के बैंक खातों में भेज दिया जाएगा।
मई तक पूरा होगा नए बॉयलर हाउस का निर्माण
गंगाधर ने बताया कि नए बॉयलर हाउस का निर्माण तत्काल शुरू करना जरूरी है, क्योंकि पेराई के दौरान इसका सिविल निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता। परियोजना मई के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद अगले पेराई सीजन से पहले मशीनों का ट्रायल करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।