विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Icar Iihr Opens Genome Editing Centre And Advanced Farmers Training Facility

Genome Editing Centre: आईसीएआर-आईआईएचआर में जीन संपादन उत्कृष्टता केंद्र और किसान प्रशिक्षण केंद्र शुरू

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 17 Nov 2026 10:36 AM IST
सार

आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट ने बेंगलुरु स्थित भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान में किसान उन्नत प्रशिक्षण केंद्र और बागवानी फसलों में जीन संपादन उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन किया। नए केंद्र में बीएसएल-2 प्रयोगशाला भी शामिल है।

आईसीएआर के महानिदेशक और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एमएल जाट
आईसीएआर के महानिदेशक और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एमएल जाट - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एमएल जाट ने 15 नवंबर 2026 को बेंगलुरु स्थित आईसीएआर-भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (आईआईएचआर) का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने किसान उन्नत प्रशिक्षण केंद्र (एटीसी) और बागवानी फसलों में जीन संपादन उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन किया। जीन संपादन केंद्र में जैव सुरक्षा स्तर-2 (बीएसएल-2) प्रयोगशाला भी स्थापित की गई है।

किसानों ने साझा किए जलवायु अनुकूल खेती के अनुभव
प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन के बाद डॉ. जाट ने प्रगतिशील किसानों, उद्यमियों, स्टार्टअप से जुड़े लोगों, नर्सरी संचालकों और प्राकृतिक खेती करने वालों से बातचीत की। चर्चा में प्राकृतिक खेती, बागवानी नवाचार और अल नीनो तथा सुपर अल नीनो के संभावित असर से फसलों को बचाने के उपाय शामिल रहे।

किसानों ने मल्चिंग, स्प्रिंकलर सिंचाई, मेड़ पर फसल, कम अवधि वाली फूल और सब्जियों की अंतरफसल तथा हरी खाद जैसी तकनीकों के अनुभव साझा किए। उनके अनुसार, इन उपायों से उपज, उत्पाद की गुणवत्ता और आय में सुधार हुआ है।

डॉ. जाट ने शिक्षित युवाओं, इंजीनियरों और कृषि स्नातकों से खेती तथा बागवानी में वैज्ञानिक नवाचार अपनाने और निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने आधुनिक विज्ञान को पारंपरिक ज्ञान के साथ जोड़ने और कृषि अनुसंधान में किसानों को केंद्र में रखने पर जोर दिया।

उन्होंने खेत बचाओ अभियान सहित केंद्र सरकार की योजनाओं के जरिए तकनीक किसानों तक पहुंचाने में आईसीएआर संस्थानों, कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थानों की भूमिका की सराहना की।

जीन संपादन अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
नए उत्कृष्टता केंद्र और बीएसएल-2 प्रयोगशाला को बागवानी फसलों में उन्नत जैव प्रौद्योगिकी और जीन संपादन अनुसंधान की क्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम बताया गया। डॉ. जाट ने वैज्ञानिकों से जीन संपादन के लिए जीन संसाधनों में आत्मनिर्भरता विकसित करने और बेहतर डेटा तंत्र तैयार करने को कहा।

उन्होंने शोधार्थियों से संवाद में युवा वैज्ञानिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और कृषि में नए अवसरों पर काम करने की जरूरत बताई। उन्होंने 2047 तक भारत को 30 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में कृषि से 6 लाख करोड़ डॉलर का योगदान सुनिश्चित करने की संभावना का उल्लेख किया। उन्होंने सूक्ष्मजीव आधारित तकनीक, जैव उर्वरक स्टार्टअप और स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़े नवाचारों पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर आईसीएआर के सहायक महानिदेशक डॉ. वीबी पटेल, आईआईएचआर के निदेशक डॉ. तुषार कांति बेहेरा, बेंगलुरु स्थित आईसीएआर संस्थानों के निदेशक और प्रमुख, वैज्ञानिक, विद्यार्थी, किसान और कृषि उद्यमी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन