विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Krishi Vyapar› India S Sugar Output More Than Doubles To 23 59 Lakh Tonnes By November 15

चीनी उत्पादन दोगुने से ज्यादा: 15 नवंबर तक बनी 23.59 लाख टन चीनी, यूपी-कर्नाटक में अभी सुस्त है रफ्तार

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 17 Nov 2026 02:30 PM IST
सार

देश में 2026-27 के चीनी पेराई सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। 15 नवंबर तक 313 चीनी मिलों में पेराई शुरू हो चुकी है और ISMA के मुताबिक चीनी उत्पादन बढ़कर 23.59 लाख टन पहुंच गया है। महाराष्ट्र में समय से पहले पेराई शुरू होने से उत्पादन में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई, जबकि उत्तर प्रदेश में पेराई और उत्पादन पिछले साल से पीछे है।

ISMA के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 तक देश की 313 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू हो चुकी है।
ISMA के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 तक देश की 313 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू हो चुकी है। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में 2026-27 का चीनी पेराई सीजन रफ्तार पकड़ रहा है। भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा निर्माता संघ (ISMA) के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 तक देश की 313 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू हो चुकी है। पिछले साल इसी अवधि में 311 मिलें चालू थीं। इस दौरान चीनी उत्पादन 23.59 लाख टन रहा, जो पिछले साल के 11.49 लाख टन से दोगुने से भी अधिक है। उत्पादन में इस बढ़ोतरी की प्रमुख वजह महाराष्ट्र में समय से पहले पेराई शुरू होना है।

ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी के अनुसार, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में भी पेराई की गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। आने वाले दिनों में इन राज्यों की और मिलें शुरू होने की उम्मीद है। बाजार में नई चीनी की आवक से घरेलू उपलब्धता संतोषजनक बनी हुई है और उद्योग घरेलू मांग पूरी करने के साथ पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने की स्थिति में है।

NFCSF के आंकड़ों में 55% उत्पादन वृद्धि
राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ (NFCSF) के आंकड़ों के मुताबिक, 15 नवंबर तक देश में चीनी उत्पादन 24.21 लाख मीट्रिक टन पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में 55 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान देशभर की मिलों ने 290.53 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की, जबकि पिछले साल यह मात्रा 200.90 लाख मीट्रिक टन थी। यानी पेराई में 44.61 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

औसत चीनी रिकवरी दर भी पिछले साल के 7.75 प्रतिशत से बढ़कर 8.33 प्रतिशत हो गई। हालांकि, NFCSF के अनुसार, इस बार 314 मिलों में पेराई जारी थी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 342 मिलें चालू थीं। इस तरह चालू मिलों की संख्या में 28 यानी 8.19 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

महाराष्ट्र में उत्पादन में बड़ी उछाल
महाराष्ट्र में 15 नवंबर तक 18.75 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 7.95 लाख मीट्रिक टन उत्पादन हुआ था। राज्य की 155 मिलों ने 216.76 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की, जो पिछले साल के 103.25 लाख मीट्रिक टन से दोगुने से अधिक है। रिकवरी दर भी 7.70 से बढ़कर 8.65 प्रतिशत हो गई। पिछले साल इस अवधि में राज्य की 168 मिलें चालू थीं।

उत्तर प्रदेश में पेराई और उत्पादन पीछे
उत्तर प्रदेश में इस बार पेराई और चीनी उत्पादन की रफ्तार पिछले साल से धीमी है। राज्य की 75 मिलों ने अब तक 17.34 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 1.50 लाख मीट्रिक टन चीनी बनाई है। पिछले साल इसी अवधि में 86 मिलों ने 40 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई से 3.50 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया था। राज्य में चीनी की रिकवरी दर भी 8.75 से घटकर 8.65 प्रतिशत रह गई है।

कर्नाटक और गुजरात में भी उत्पादन घटा
कर्नाटक में 60 मिलों ने 31.43 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 2.20 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया। पिछले साल इसी अवधि में 65 मिलों ने 34.51 लाख मीट्रिक टन गन्ने से 2.45 लाख मीट्रिक टन चीनी बनाई थी। राज्य की रिकवरी दर 7 प्रतिशत रही।

गुजरात में 12 मिलों ने 13.49 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई से 0.85 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया। पिछले साल 18.31 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई से 1.30 लाख मीट्रिक टन चीनी बनी थी।

तमिलनाडु में उत्पादन बढ़ा, कई राज्यों में पेराई शुरू नहीं
तमिलनाडु में छह मिलों ने 8.24 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 0.70 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया है। पिछले सीजन में चार मिलों ने 0.25 लाख मीट्रिक टन चीनी बनाई थी।

तेलंगाना में अब तक 0.10 लाख मीट्रिक टन और उत्तराखंड में 0.11 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ है। वहीं, आंध्र प्रदेश, बिहार, हरियाणा, मध्य प्रदेश और पंजाब में अब तक चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई शुरू नहीं की है।
विज्ञापन
विज्ञापन