विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Krishi Vyapar› Upl S Advanta To Acquire Egypt S Misr Hytech Seed Maker For Usd 110 Million

एग्री-बिजनेस: भारत के यूपीएल समूह की कंपनी एडवांटा मिस्र की बीज कंपनी मिस्र हाइटेक को 11 करोड़ डॉलर में खरीदेगी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 16 Nov 2026 09:20 PM IST
सार

भारत की यूपीएल समूह की बीज कंपनी एडवांटा ने मिस्र की बीज उत्पादक कंपनी मिस्र हाइटेक सीड इंटरनेशनल की होल्डिंग कंपनी को 11 करोड़ डॉलर में खरीदने का समझौता किया है। इस सौदे से एडवांटा को मिस्र के बीज बाजार में मजबूत स्थिति मिलने की उम्मीद है।

मक्का, ज्वार और सब्जियों के हाइब्रिड बीज बनाती है कंपनी
मक्का, ज्वार और सब्जियों के हाइब्रिड बीज बनाती है कंपनी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एडवांटा ने सोमवार को बताया कि उसने मिस्र की कंपनी हाइटेक इजिप्ट यूएसए एलएलसी का अधिग्रहण करने पर सहमति जताई है। यह कंपनी मिस्र हाइटेक सीड इंटरनेशनल की होल्डिंग कंपनी है।

15 अगस्त 2026 को हेलिओस इन्वेस्टमेंट पार्टनर्स और इजिप्शियन-अमेरिकन एंटरप्राइज फंड के साथ सौदे पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसकी कीमत 11 करोड़ डॉलर रखी गई है, जिसमें अंतिम समायोजन संभव है।

कंपनी के अनुसार, इस सौदे को कॉमेसा कॉम्पिटिशन एंड कंज्यूमर कमीशन और मिस्र के कॉम्पिटिशन अथॉरिटी से मंजूरी मिल चुकी है। सामान्य शर्तें पूरी होने पर इसके 31 जनवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।

1993 में स्थापित मिस्र हाइटेक सफेद मक्का, पीला मक्का, ज्वार और सब्जियों के हाइब्रिड बीजों का प्रजनन और उत्पादन करती है। मिस्र में सफेद मक्का और ज्वार के बीजों के बाजार में इसकी मजबूत स्थिति है। कंपनी के उत्पाद करीब 4.5 लाख किसानों तक पहुंचते हैं और इसके साथ 400 से अधिक अनुबंधित बीज उत्पादक किसान जुड़े हैं। 

एडवांटा के मुताबिक, इस अधिग्रहण से उसे मिस्र के बाजार में नेतृत्वकारी स्थिति और मध्य पूर्व तथा अफ्रीका में विस्तार का अवसर मिलेगा। मिस्र हाइटेक अपनी स्थानीय क्षमताओं और कारोबारी संबंधों को बनाए रखते हुए एडवांटा की शोध विशेषज्ञता और बीज तकनीक का लाभ ले सकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन