Home›Kheti Kisani›
Fermented Organic Manure Fom A Sustainable Shift Towards Organic And Climate Resilient Farming
क्या होती है किण्वित जैविक खाद: किसानों को FOM अपनाने के लिए क्यों कह रहे हैं ICAR के वैज्ञानिक, जानें फायदे
डॉ. उमाशंकर मिश्र, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 25 Mar 2026 08:58 PM IST
सार
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR-IARI), नई दिल्ली के कृषि वैज्ञानिक किसान गोष्ठियों के माध्यम से देश भर के किसानों को किण्वित जैविक खाद (Fermented Organic Manure - FOM) के उपयोग और लाभों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। क्या होती है FOM और किसानों के लिए यह जैविक खाद इतनी फायदेमंद क्यों बताई जा रही है? आइए जानें...
किण्वित जैविक खाद (FOM) पर्यावरण-अनुकूल और पोषक तत्वों से भरपूर प्राकृतिक खाद है।
- फोटो : गांव जंक्शन
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR-IARI), नई दिल्ली के सस्य विज्ञान संभाग द्वारा किसानों को किण्वित जैविक खाद (Fermented Organic Manure – FOM) के उपयोग और लाभों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इस परियोजना के समन्वयक डॉ. संजय सिंह राठौर बताते हैं, यह तकनीक भारत की प्रमुख फसल प्रणालियों की उत्पादकता को स्थायी रूप से बढ़ाने में मदद कर सकती है।
बीकानेर में आयोजित हुई किसान गोष्ठी
25 मार्च, 2026 को राजस्थान के बीकानेर जिले के गोविंदसर में ICAR-IARI और कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), बीकानेर के सहयोग से एक किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 161 से अधिक किसानों ने भाग लिया और FOM के माध्यम से मृदा स्वास्थ्य सुधार और आय वृद्धि के बारे में जानकारी प्राप्त की।
किसान हित में FOM का बड़ा महत्व
ICAR-IARI की कृषि वैज्ञानिक डॉ. कपिला शेखावत बताती हैं, FOM नियंत्रित परिस्थितियों में तैयार किया गया एक स्थिर जैविक उत्पाद है। वहीं, डॉ. प्रवीण कुमार उपाध्याय ने बताया कि यह खाद पोषक तत्वों को धीरे-धीरे पौधों तक पहुंचाती है, जिससे उनकी पोषक तत्व उपयोग दक्षता बढ़ती है।
डॉ. विशाल त्यागी बताते हैं कि FOM मिट्टी की संरचना को बेहतर बनाकर जड़ों के विकास और पोषक तत्व अवशोषण को बढ़ावा देता है, जबकि डॉ. अर्जुन सिंह ने कहा कि इसके उपयोग से ग्रीनहाउस गैसों में कमी आती है और कृषि अधिक पर्यावरण-अनुकूल बनती है।
इस दौरान आईएआरआई के कृषि वैज्ञानिक डॉ. स्मृति रंजन पधान ने किसानों को जैविक खेती के महत्व से अवगत कराया, जबकि डॉ. दुर्गा सिंह (कृषि विज्ञान केंद्र, बीकानेर) ने मृदा स्वास्थ्य के महत्व के बारे में बताया।
क्या है किण्वित जैविक खाद (FOM)?
किण्वित जैविक खाद (Fermented Organic Manure - FOM) पर्यावरण-अनुकूल और पोषक तत्वों से भरपूर प्राकृतिक खाद है। किण्वित जैविक खाद (FOM) पशुओं के गोबर, फसल अवशेष (जैसे पराली) और अन्य जैविक कचरे के सूक्ष्मजीवीय किण्वन से तैयार होती है। यह खाद मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, फसल उत्पादन सुधारने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जैविक कचरे के मिश्रण को बंद ड्रम या गड्ढे में सूक्ष्म जीवाणुओं की मदद से सड़ने दिया जाता है, जिसे किण्वन प्रक्रिया कहा जाता है। इस प्रक्रिया के बाद तैयार खाद पोषक तत्वों से भरपूर होती है और मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ICAR-IARI द्वारा देशभर में इसके प्रचार से किसानों को आय और मृदा स्वास्थ्य दोनों में लाभ मिल रहा है।
मिट्टी और फसल के लिए वरदान
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, किण्वन के दौरान जटिल कार्बनिक तत्व सरल और पौधों के लिए उपयोगी पोषक तत्वों में बदल जाते हैं। यह खाद मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के साथ-साथ सूक्ष्मजीवों की गतिविधियों को भी सक्रिय करती है। इससे फसलों को लगातार और संतुलित पोषण मिलता है, जिससे उनकी वृद्धि और उत्पादकता में सुधार होता है।
पर्यावरण और जलवायु के लिए फायदेमंद
कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि FOM के उपयोग से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है और ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन भी घटता है। इससे खेती अधिक टिकाऊ (sustainable) और पर्यावरण-अनुकूल बनती है। साथ ही, यह मृदा की जलधारण क्षमता बढ़ाकर जल संरक्षण में भी सहायक है।
तकनीक के प्रचार-प्रसार पर फोकस
ICAR-IARI, मारुति सुजुकी इंडिया के सहयोग से इस तकनीक के प्रचार-प्रसार पर काम कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि किण्वित जैविक खाद का व्यापक उपयोग जैविक खेती को बढ़ावा देगा, मिट्टी की सेहत सुधारेगा और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।