Home›Kheti Kisani›
Napier Grass Farming In Mirzapur One Time Planting Up To Six Years Of Fodder And Income
मिर्जापुर में नेपियर की खेती : गोशालाओं को मिलेगा हरा चारा, गोवंश को मिलेगी राहत और किसान करेंगे कमाई
संतोष देव गिरी, स्वतंत्र पत्रकार
Published by: Umashankar Mishra
Updated Thu, 12 Nov 2026 07:56 PM IST
सार
बेसहारा पशुओं के लिए मिर्जापुर के कुछ किसानों ने नेपियर घास उगानी शुरू की है। कम लागत और कम पानी में 5 से 6 साल तक पैदावार देने वाली यह फसल पशुओं को चारा देगी और किसानों की कमाई बढ़ाएगी।
नेपियर घास बेसहारा पशुओं के लिए साल भर के सहारे के रूप में देखी जा रही है।
- फोटो : गांव जंक्शन
उत्तर प्रदेश के विंध्य क्षेत्र के मिर्जापुर जैसे जिलों में सूखे के दिनों में बेसहारा गोवंश के लिए हरे चारे की उपलब्धता बड़ी चुनौती बन जाती है है। पठारी और पथरीली जमीन पर बरसात के बाद हरियाली खत्म हो जाती है, जिससे 48 गो-आश्रय स्थलों में रह रहे 14 हजार से ज्यादा पशुओं के सामने पोषण का संकट खड़ा हो जाता है।
इस समस्या का स्थाई समाधान पशुपालन विभाग ने नेपियर घास की खेती के रूप में खोज निकाला है। उत्तर प्रदेश चारा विकास नीति के तहत इस साल जिले में 15 किसान चुने गए हैं, जो अपने खेतों में नेपियर उगाकर साल भर गो आश्रय स्थलों को हरा चारा देंगे। पहाड़ी मिर्जापुर में चारागाह की जमीन लगातार घट रही है। ऐसे में कम जमीन और कम पानी वाली नेपियर घास बेसहारा पशुओं के लिए साल भर के सहारे के रूप में देखी जा रही है।
चारा बैंक बनाने की तैयारी
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेंद्र कुमार पाठक बताते हैं, 'इस योजना का मकसद सिर्फ चारा देना नहीं, बल्कि चारे का स्थाई बैंक बनाना है। नेपियर एक बार लगाने पर 5 से 6 साल तक लगातार उत्पादन देती है। किसान को हर साल दोबारा लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।' विभाग हर चयनित किसान को 6 हजार नेपियर रूट्स (जड़) नि:शुल्क दे रहा है। एक किसान करीब 0.2 हेक्टेयर यानी लगभग 5 बिस्वा जमीन में रोपाई करेगा।
ऑनलाइन चयन, चार ब्लॉकों के किसान
इस योजना के तहत किसानों का चयन ऑनलाइन आवेदन के जरिए हुआ है। इनमें हलिया, लालगंज, मड़िहान और पहाड़ी ब्लॉक के किसान शामिल हैं। पटेहरा के अमित विक्रम सिंह कहते हैं, 'हमारी जमीन पथरीली है, धान-गेहूं में बहुत लागत लगती है।
नेपियर में एक बार की मेहनत है। गोशाला वाले समय से चारा उठा लेंगे तो साल भर की आमदनी पक्की है।' नेपियर की पहली कटाई 45 दिन बाद शुरू हो जाती है और फिर हर 30-35 दिन पर कटाई हो सकती है। एक हेक्टेयर से साल भर में 250 से 300 क्विंटल तक हरा चारा मिलता है।
पशुओं को पोषण, किसान को कमाई
मिर्जापुर के ज्यादातर गो-आश्रय स्थलों में भूसा और सूखी पुआल ही दी जाती है। पशु चिकित्सकों के मुताबिक सूखे चारे में प्रोटीन 3-4 प्रतिशत ही होता है, जबकि नेपियर में 8 से 10 प्रतिशत प्रोटीन और भरपूर फाइबर होता है। इससे पशुओं का वजन और रोग प्रतिरोधक क्षमता दोनों बढ़ती हैं। पड़री के पशुपालक राम किशुन पाल बताते हैं, 'हमने पहले अपनी दो भैंसों को खिलाकर देखा था। नेपियर खाने के बाद दूध में आधा लीटर तक फर्क आया। बेसहारा गोवंश को यह रोज मिलेगा तो वे जल्दी तंदुरुस्त होंगे।'
कम पानी, कम खाद, हर माह कटाई
नेपियर की खेती का बड़ा फायदा कम सिंचाई है। बरसात में पानी की जरूरत नहीं पड़ती और गर्मी में 15-20 दिन पर एक सिंचाई काफी है। शुरुआती रोपाई में गोबर की खाद पर्याप्त है, यूरिया बहुत कम लगता है। पर एक सावधानी जरूरी है: घास को बहुत बढ़ने पर नहीं काटना चाहिए। पशु विशेषज्ञों के अनुसार 4 से 5 फीट की ऊंचाई पर कटाई सबसे अच्छी है, क्योंकि ज्यादा पुरानी घास में ऑक्जलेट की मात्रा बढ़ जाती है, जो पशुओं को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए, हर महीने कटाई जरूरी है।
14,850 पशुओं को राहत की उम्मीद
मिर्जापुर जिले के 48 गो आश्रय स्थलों में इस समय 14,850 बेसहारा पशुओं के होने बात कही जा रही है। इन पशुओं के लिए अब तक हरा चारा बाहर से खरीदना पड़ता था या वन विभाग की जमीन पर निर्भर रहना पड़ता था। अब 15 किसानों के जुड़ने से विभाग को उम्मीद है कि सर्दी और गर्मी के पीक सीजन में भी हरे चारे की कमी नहीं होगी और गोवंश को चारे के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
डॉ. पाठक बताते हैं, 'हमने किसानों को गो-आश्रय स्थलों से जोड़ दिया है। किसान सीधे गोशाला में चारा पहुंचाएंगे और भुगतान भी वहीं से होगा। इससे किसान को बाजार और गोशाला को चारा, दोनों मिल जाएंगे।'
(यह स्टोरी मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित की गई है।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।