विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Intercropping Cultivate These Crops Alongside Autumn Sugarcane Earning Double Income From A Single Farm

Intercropping: शरदकालीन गन्ने के साथ करें इन फसलों की खेती, एक ही खेत से होगी दोहरी कमाई

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 12 Nov 2026 07:04 PM IST
सार

शरदकालीन गन्ने के साथ पालक, मेथी, धनिया, आलू और सरसों की सहफसली खेती करें। जानें गन्ने के साथ कौन सी फसलें लगाएं और एक ही खेत से दोहरी कमाई कैसे करें।

गन्ने की खेती
गन्ने की खेती - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अगर किसान शरदकालीन गन्ने की बुवाई करने जा रहे हैं, तो वे इसके साथ सहफसली खेती करके अतिरिक्त कमाई कर सकते हैं। गन्ने की फसल तैयार होने में लंबा समय लगता है। इस दौरान गन्ने की कतारों के बीच काफी जगह खाली रहती है। किसान इस खाली जगह का इस्तेमाल कम समय में तैयार होने वाली दूसरी फसलों की खेती के लिए कर सकते हैं। इससे एक ही खेत से दो फसलें लेने का मौका मिलता है और दूसरी फसल से अतिरिक्त आमदनी हो सकती है।

कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक, शरदकालीन गन्ने के साथ पालक, मेथी, धनिया और सोया जैसी पत्तेदार फसलों की खेती की जा सकती है। इसके अलावा किसान आलू, सरसों, चना और शिमला मिर्च की सहफसली खेती भी कर सकते हैं। इन फसलों को गन्ने की कतारों के बीच खाली जगह में लगाया जा सकता है।

गन्ने के साथ इन फसलों की करें खेती
शरदकालीन गन्ने की बुवाई के समय किसान पालक, मेथी और धनिया जैसी पत्तेदार सब्जियां लगा सकते हैं। ये फसलें कम समय में तैयार हो जाती हैं। वहीं, आलू, सरसों, चना और शिमला मिर्च भी सहफसली खेती के अच्छे विकल्प हो सकते हैं। इससे गन्ने की फसल तैयार होने का इंतजार करते हुए किसान दूसरी फसलों से भी कमाई कर सकते हैं।

सरसों और आलू की बुवाई में रखें दूरी का ध्यान
गन्ने के साथ सहफसली खेती करते समय कतारों और पौधों के बीच सही दूरी रखना जरूरी है।
  • सरसों : पौधे से पौधे की दूरी 10 से 15 सेंटीमीटर और कतार से कतार की दूरी 35 से 45 सेंटीमीटर रखें।
  • आलू : इसकी बुवाई करते समय कतार से कतार की दूरी करीब 2 फीट रखें।

सही दूरी रखने से फसलों की बढ़वार के लिए पर्याप्त जगह मिलती है और खेत का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है।

खाद और उर्वरक का भी रखें ध्यान
सहफसली खेती में गन्ने के साथ दूसरी फसलों की पोषण संबंधी जरूरतों का भी ध्यान रखना चाहिए। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करें। इससे दोनों फसलों को पर्याप्त पोषण मिल सकता है और बेहतर उत्पादन लेने में मदद मिलती है।

मल्चिंग से बचेगा पानी
गन्ने की खेती में मल्चिंग यानी खेत की मिट्टी को फसल अवशेष या दूसरे उपयुक्त पदार्थों से ढकने से नमी लंबे समय तक बनी रहती है। इससे मिट्टी से पानी का वाष्पीकरण कम होता है और बार-बार सिंचाई की जरूरत घट सकती है। इस तरह किसान पानी और सिंचाई पर होने वाले खर्च को कम कर सकते हैं। कुल मिलाकर, शरदकालीन गन्ने के साथ सहफसली खेती अपनाकर किसान खाली जमीन का बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे गन्ने की फसल के साथ दूसरी फसलों से भी आमदनी का मौका मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन