Home›Kheti Kisani›
Chia Seed Cultivation Growing Green Gold With Less Water Has Brought Good Fortune To Farmers
Chia Seed Cultivation: कम पानी में उगा रहे 'ग्रीन गोल्ड', चिया सीड्स की खेती से किसानों की चमकी किस्मत
रश्मि रंजन, पब्लिक पॉलिसी की जानकार, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 13 Nov 2026 03:56 PM IST
सार
धार जिले के तिरला क्षेत्र के किसान कम पानी और कम लागत में चिया सीड्स उगा रहे हैं। मंडी में 20-25 हजार रुपये प्रति क्विंटल भाव की उम्मीद इसे फसल विविधीकरण का अच्छा विकल्प बना रही है।
किसानों की चमकी किस्मत, खेतों में उगाया ग्रीन गोल्ड
- फोटो : गांव जंक्शन
मध्य प्रदेश का मालवा-निमाड़ इस बार बारिश की बेरुखी झेल रहा है। कई हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा हुई है और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अनेक जिलों में खेती संकट के दौर से गुजर रही है। कभी सोयाबीन की बेहतर पैदावार के लिए पहचाना जाने वाला धार जिला भी बदलते मौसम, घटती बारिश और बढ़ती लागत से जूझ रहा है। यहां किसानों की आय का आधार मानसून के भरोसे बोई जाने वाली सोयाबीन और बाद में गेहूं-चना रहे हैं।
बीते कुछ वर्षों से बारिश के बदलते पैटर्न ने खेती मुश्किल कर दी है। कभी अत्यधिक बारिश, तो कभी लंबे सूखे ने खेती का गणित बिगाड़ दिया है। इस बार पर्याप्त वर्षा न होने के साथ सोयाबीन में वायरस की मार भी पड़ी। तब किसानों ने सोचा कि क्या कोई ऐसी फसल हो सकती है, जो कम पानी में बेहतर उत्पादन दे और बाजार में अच्छा मूल्य भी दिलाए। यही तलाश धार जिले के तिरला क्षेत्र के कुछ किसानों को चिया सीड्स की खेती तक ले आई। छोटे-से दिखने वाले ये बीज अब किसानों के सपनों का आधार बनते नजर आ रहे हैं।
20 से 25 हजार रुपये क्विंटल का आकर्षण
तिरला के किसान अमोल पाटीदार ने चिया सीड्स को प्रयोग के रूप में अपनाया। शुरुआत जिज्ञासा से हुई, पर धीरे-धीरे यह संभावित व्यावसायिक अवसर में बदलती दिखने लगी। अमोल के अनुभव में परंपरागत फसलों की तुलना में खर्च कम आया और खाद व स्प्रे पर कोई विशेष खर्च नहीं करना पड़ा। सबसे बड़ी राहत यह रही कि पानी की जरूरत अपेक्षाकृत कम रही। सूखे जैसे हालात में, जहां किसान हर सिंचाई के लिए संघर्ष कर रहा है, कम पानी वाली फसल उम्मीद की किरण बन जाती है। किसानों को चिया की ओर खींचने वाला बड़ा कारण इसका बाजार मूल्य है।
अमोल पाटीदार बताते हैं, नीमच मंडी में चिया
सीड्स का भाव 20 से 25 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक मिल सकता है। उत्पादन और विपणन सही रहे, तो यह फसल पारंपरिक खेती से बेहतर आय दे सकती है। फिर भी किसान मानते हैं कि केवल भाव सुनकर खेती करना जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि असली मुनाफा उत्पादन, गुणवत्ता, बाजार की मांग और बिक्री व्यवस्था पर निर्भर करता है।
तिरला के ही एक अन्य किसान मोतीराम पाटीदार बताते हैं, कम बारिश में गेहूं और चने की खेती अब पहले जैसी सुरक्षित नहीं रही। हर साल खेती का खर्च बढ़ रहा है, पर उत्पादन और लाभ की कोई गारंटी नहीं है। ऐसे में चिया जैसी वैकल्पिक फसल जोखिम घटाने का मौका दे सकती है। मोतीराम यह भी कहते हैं कि किसी नई फसल में पूरी तरह उतरने से पहले खेती और बाजार को गणित को समझना जरूरी है।
पोषण का खजाना चिया सीड्स
कृषि विज्ञान केंद्र, धार के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. चौहान बताते हैं, चिया सीड्स केवल फसल नहीं, पोषण का खजाना भी है। इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे अहम पोषक तत्व पाए जाते हैं। स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ने से देश-विदेश में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। डॉ. चौहान के मुताबिक यह फसल हल्की मिट्टी में भी उग सकती है, हालांकि फूल आने के बाद दो से तीन बार सिंचाई की जरूरत पड़ सकती है। प्रबंधन सही हो, तो सीमित पानी वाले क्षेत्रों के लिए यह अच्छा विकल्प बन सकती है।
कृषि विभाग को भी दिख रही संभावना
कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के उपसंचालक आर.डी. जाटव बताते हैं, चिया तिलहनी फसल है, जिसकी खेती अभी बड़े स्तर पर नहीं होती। कम उत्पादन और बढ़ती मांग के कारण बाजार में इसकी कीमत अपेक्षाकृत अधिक है। इसीलिए, किसान इसे लाभकारी मान रहे हैं। जाटव के मुताबिक, यह फसल किसानों की आय बढ़ाकर बदलते कृषि परिदृश्य में सफल विकल्प बन सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मध्य प्रदेश में बारिश असंतुलित रही और पश्चिमी हिस्सों में पर्याप्त नमी नहीं मिली। इसीलिए, विशेषज्ञ किसानों को पारंपरिक फसलों के बजाय स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कम पानी वाली नई फसलें अपनाने की सलाह दे रहे हैं। चिया इसका बेहतर उदाहरण बनकर उभरा है। (यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित किया गया है।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।