विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Yogi Adityanath Releases Yogi Ki Paati Recalls Efforts To Open School In Gorakhpur Village

उत्तर प्रदेश : जब वन विभाग ने कराई योगी आदित्यनाथ पर एफआईआर, सीएम ने गांव में स्कूल खुलवाने का सुनाया किस्सा..

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 16 Nov 2026 09:32 PM IST
सार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी चिट्ठियों पर आधारित कॉफी टेबल पुस्तक 'योगी की पाती' जारी की। इस मौके पर उन्होंने गोरखपुर के एक गांव में स्कूल शुरू कराने के लिए वन विभाग की ओर से अपने खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे का भी जिक्र किया।

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ में सोमवार को अपने सरकारी आवास पर पुस्तक जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन के 28-29 वर्षों के दौरान उन्होंने आम लोगों से उन मुद्दों पर संवाद करने की जरूरत महसूस की, जिनकी चर्चा कम होती है।

उन्होंने बताया कि गोरखपुर के एक गांव में बच्चे स्कूल नहीं जा पाते थे। वहां उन्होंने अपने मंदिर ट्रस्ट के माध्यम से वन विभाग के एक पुराने शेड की मरम्मत कराकर स्कूल शुरू कराया। इस काम के लिए वन विभाग ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

वनटांगिया बस्तियों और वंचित समुदायों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बुनियादी सुविधाओं से वंचित 54 बस्तियों के हजारों परिवारों को अब आवश्यक सुविधाएं और नागरिकता दी गई है। उन्होंने मुसहर, थारू, चेरो, गोंड और कोल समुदायों के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।

उनके अनुसार, वन अधिकार कानून में 2007-08 में संशोधन के बावजूद उत्तर प्रदेश में इसे 2017 तक प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया था।

स्वास्थ्य और शिक्षा में सुधार के दावे
आदित्यनाथ ने कहा कि पहले इंसेफेलाइटिस से जुलाई से नवंबर के बीच हजारों बच्चे प्रभावित होते थे और हर साल सैकड़ों की मौत होती थी। उन्होंने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सीमित क्षमता वाले वार्ड में बड़ी संख्या में मरीजों के भर्ती होने का अनुभव साझा किया। उन्होंने दावा किया कि लगातार सरकारी प्रयासों से इंसेफेलाइटिस का पूरी तरह उन्मूलन हो गया है। 

शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बेसिक शिक्षा परिषद के 96 प्रतिशत स्कूलों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। राज्य में 1.6 करोड़ बच्चों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, बैग, किताबों, जूतों और मोजों के लिए डीबीटी के जरिए धन भेजा जा रहा है।

कार्यक्रम में 'संवाद यात्रा' पर आधारित प्रदर्शनी का ऑनलाइन उद्घाटन और पुस्तक पर बनी लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन