रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं के पौधों को मजबूती, दाना भराव और गुणवत्ता के लिए पोटाश काफी अहम भूमिका निभाता है। जानकार बताते हैं कि ज्यादा उपज की होड़ ने मिट्टी में पोटाश की मौजूदगी पर खराब असर डाला है। वैसे किसी भी फसल के विकास में कुल 17 पोषक तत्व अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन आज के दौर में पोटाश को काफी नजरअंदाज किया जा रहा है।
पोटाश की कमी से कमजोर होते हैं पौधे, घटता है दानों का वजन
जानकारों के अनुसार, मिट्टी में पोटाश की कमी होने पर गेहूं की जड़े कमजोर बनती है, जिससे पौधे मिट्टी से पानी और अहम पोषक तत्वों को सही तरीके से सोख नहीं पाते। इस कारण गेहूं के पौधे झुक या गिर तक सकते हैं। पोटाश की कमी फसल में रोगों-कीटों के प्रकोप का खतरा बढ़ाती है। इसके अलावा यह पाला, सूखा और ओलावृष्टि की वजह से पड़ने वाले असर को तेज कर सकती है।
रोग से लड़ने की क्षमता देता है पोटाश
वैज्ञानिक कहते हैं कि पोटाश पौधों की कोशिकाओं को मजबूत करता है, जिससे फसल को रोग और कीटों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। फफूंद से पत्ती झुलसा तक का खतरा कम होता है।
गहरी जड़ों के साथ चमकदार और वजनदार दाने बनाने में मददगार
विशेषज्ञों के मुताबिक, खेत में पोटाश की पर्याप्त उपलब्धता से गेहूं की जड़ें गहरी और मजबूत होती हैं, जिससे पौधे मिट्टी से पानी और अन्य पोषक तत्व बेहतर तरीके से ले पाते हैं और इसका सीधा लाभ उत्पादन में दिखता है। पोटाश गेहूं के दानों के आकार, वजन और रंग को भी बेहतर बनाता है। इससे दाने मोटे, चमकदार और अधिक वजन वाले तैयार होते हैं।
मिट्टी जांच के बाद डालें खाद
पोटाश की अहमीयत को देखते हुए किसान केवल नाइट्रोजन और फास्फोरस पर निर्भर न रहे हैं। पहले मिट्टी की जांच कराएं और उसके हिसाब से पोटाश सहित सभी पोषक तत्वों का इंतजाम करें।