विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Weather Update Rain And Storm Alert In Several States Snowfall Mountains Weather Across Country Delhi Up

Weather Update: कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी; जानें दिल्ली-UP समेत देशभर का मौसम

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 11 Nov 2026 08:18 AM IST
सार

11 नवंबर को यूपी, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। दिल्ली में कोहरा, तमिलनाडु में भारी बारिश और हिमाचल-जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के आसार हैं।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही देश के कई राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि, मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने 11 नवंबर यानी आज कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है। दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।

दिल्ली में कोहरा, हवा की गुणवत्ता बेहद खराब
देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। मौसम की बात करें तो दिल्ली में आज सुबह कोहरा या धुंध छाई रह सकती है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 नवंबर तक सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध देखने को मिल सकती है।

यूपी से झारखंड तक बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। बिहार के कई जिलों में भी बारिश के साथ तेज आंधी आने की आशंका है। झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भी तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राजस्थान में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने के बावजूद कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। राज्य में मंगलवार को न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है। पंजाब के कुछ हिस्सों में भी मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा केरल, माहे और लक्षद्वीप में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार
पहाड़ी इलाकों में भी मौसम बदलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, मंडी, ऊना, चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, कुल्लू और सिरमौर में बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। यहां कुछ स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड के सभी जिलों में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर राज्यों में बिजली गिरने का खतरा
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम खराब हो सकता है। असम और मेघालय के कुछ इलाकों में बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी वज्रपात का खतरा बना हुआ है। इन राज्यों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन