30 अक्तूबर को देश के मैदानी और पहाड़ी राज्यों के लिए ओलावृष्टि से बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के अनुसार इस दिन हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में बादलों की गरज के साथ ओलावृष्टि होने की पूरी संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और झक्कड़ हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है, जबकि पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी तथा बिजली गिरने का अलर्ट
IMD के अनुसार पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में 30 अक्टूबर को भारी बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही राज्य में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। उधर हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। पर्वतीय राज्यों में कुछ स्थानों पर तथा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में छिटपुट जगहों पर बारिश का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश में 30 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ बारिश का असर रहेगा। विभाग ने बताया है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है और वहां के कई स्थानों पर बादल बरस सकते हैं। इसके साथ ही पूरे उत्तर प्रदेश में छिटपुट जगहों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का अनुमान व्यक्त किया गया है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है।
राजस्थान के इलाकों में अंधड़ और हल्की वर्षा के आसार
IMD का कहना है कि 30 अक्टूबर को राजस्थान के दोनों संभागों में मौसमी हलचल देखने को मिलेगी। पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में बादलों की तेज गर्जना और आकाशीय बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और छिटपुट वर्षा होने की संभावना जताई गई है।