भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कई हिस्सों में बारिश औऱ तेज हवाओं की संभावना जताई है। दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान 20 नवंबर की सुबह तक कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया है।
आज ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तूफान का असर
यह तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर की सुबह तक गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट को पार कर सकता है। इस दौरान समुद्र में तेज हवाएं चलने और ऊंची लहरें उठने की आशंका है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिनके झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
ओडिशा में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
IMD ने 20 नवंबर को ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके साथ ही 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं । प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
IMD के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश में भी 20 नवंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की संभावना है, जिनके झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा, काकीनाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम जिलों के निचले इलाकों में समुद्र में उठने वाली लहरों के कारण 0.5 से 1 मीटर तक पानी भरने की आशंका है। दक्षिणी ओडिशा के गंजाम और पुरी जिलों के निचले इलाकों के लिए भी ऐसी चेतावनी जारी की गई है।
बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश के आसार
IMD के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
21 नवंबर को भी ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ओडिशा और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में 20 से 21 नवंबर तक बारिश और आंधी का असर
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। IMD के अनुसार, 20 नवंबर को असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है। 21 नवंबर को असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 20 और 21 नवंबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, असम और मेघालय में 21 नवंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
यूपी, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे का अलर्ट
उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। IMD के मुताबिक, 20 से 22 नवंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 से 23 नवंबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 23 नवंबर तक घने कोहरे की संभावना है।
22 नवंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरा छा सकता है। 23 नवंबर को भी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर घने कोहरे की आशंका है। विभाग ने बताया कि कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने और यात्रा से पहले परिवहन सेवाओं के समय की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
बारिश और तेज हवाओं से फसलों को नुकसान की आशंका
भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण केले, पपीते और दूसरी बागवानी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि तटीय आंध्र प्रदेश में रबी फसलों की बुवाई फिलहाल टाल दें और खेतों में जमा अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करें। ओडिशा में सरसों, तोरिया, मूंगफली, सूरजमुखी, चना और मसूर की बुवाई टालने की सलाह दी गई है। पश्चिम बंगाल में पकी हुई अमन धान की फसल जल्द काटकर सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर रखने को कहा गया है।
झारखंड में अरहर और देर से बोई गई धान की फसल की कटाई टालने तथा गेहूं, सरसों और सब्जियों की बुवाई रोकने की सलाह दी गई है। छत्तीसगढ़ में कटे हुए धान को सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर रखने के साथ खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है। मौसम विभाग ने सब्जियों और केले के पौधों को तेज हवाओं से बचाने के लिए सहारा देने की भी सलाह दी है।