विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Deficient Rainfall Upsets The Equation Water Levels In India S Major Dams Shrink To 61 5 Capacity With More

कम बारिश ने बिगाड़ा गणित : भारत के बड़े बांधों में जलस्तर 61.5% पर सिमटा, 60 आधे से ज्यादा खाली...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 20 Nov 2026 08:37 AM IST
सार

  • देश के 60% से अधिक हिस्से में कम बारिश से प्रमुख बांधों का जलस्तर घटा।
  • 178 प्रमुख जलाशयों में कुल क्षमता का सिर्फ 61.5% पानी बचा।
  • जल भंडारण पिछले साल की समान अवधि से 30 प्रतिशत अंक कम।
  • दक्षिण भारत में सबसे खराब स्थिति, जलाशयों में पानी घटकर 39% पर पहुंचा।

जलाशयों में कम पानी और अल नीनो की चुनौती खेतों में सिंचाई के मोर्चे पर चुनौती बन सकती है।
जलाशयों में कम पानी और अल नीनो की चुनौती खेतों में सिंचाई के मोर्चे पर चुनौती बन सकती है। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एक अक्टूबर से 18 नवंबर के बीच देश के 60 प्रतिशत से ज्यादा हिस्से में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है, जिसके कारण भारत के 178 बड़े जलाशयों में पानी का स्तर लगातार गिर रहा है। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों से पता चलता है कि इन अहम बांधों में जल भंडारण घटकर अपनी कुल 184.762 अरब घन मीटर क्षमता का महज 61.5 प्रतिशत रह गया है। आयोग के मुताबिक, इस समय में इन जलाशयों में केवल 113.748 अरब घन मीटर पानी ही बचा है।

पिछले साल और सामान्य औसत से काफी नीचे गिरा जलस्तर
केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमुख बांधों में पानी का यह मौजूदा स्तर एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 30 प्रतिशत अंक कम है। इसके अलावा, पिछले दस वर्षों के सामान्य औसत स्तर की तुलना में भी यह 20 प्रतिशत अंक नीचे बना हुआ है।

चक्रवाती तूफानों से भी दक्षिण भारत के राज्यों को नहीं मिली राहत
रिपोर्ट के अनुसार, दो चक्रवातों के तट से टकराने और बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवात बनने के बावजूद दक्षिण भारत के जल भंडारण में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। आयोग के अनुसार, इसका सबसे ज्यादा प्रतिकूल असर आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना पर देखा जा रहा है, जबकि इन मौसमी गतिविधियों का मुख्य फायदा ओडिशा राज्य को मिला है।

विभिन्न क्षेत्रों में जल भंडारण की अलग-अलग स्थिति
केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, देश के तीन प्रमुख क्षेत्रों यानी पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत में बांधों का जलस्तर 70 प्रतिशत से ऊपर दर्ज किया गया है। वहीं, उत्तरी क्षेत्र में यह स्तर 53 प्रतिशत और दक्षिणी क्षेत्र में गिरकर केवल 39 प्रतिशत पर आ गया है।

साठ से अधिक जलाशय आधे खाली, रबी फसलों पर मंडरा रहा खतरा
आयोग के आंकड़ों से यह भी जानकारी मिलती है कि देश के आठ जलाशय अभी भी पूरी तरह लबालब भरे हुए हैं, जिनमें से चार जलाशय अकेले झारखंड राज्य में हैं। हालांकि, चिंता की बात यह है कि देश भर के 60 से अधिक जलाशय आधे खाली हो चुके हैं, जो चल रही रबी बुवाई के समय किसानों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।

आने वाले हफ्तों में बढ़ सकता है दबाव
भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात अकवान के बाद किसी बड़े मौसमी बदलाव या बड़ी मौसमी घटना की संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में आने वाले हफ्तों में पानी के भंडारण पर दबाव और ज्यादा बढ़ सकता है। आंकड़ों के मुताबिक, इस समय देश के कुल 736 जिलों में से 61 प्रतिशत जिले कम बारिश की मार झेल रहे हैं।


विज्ञापन
विज्ञापन