विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Relief For Farmers And Youth Common Service Centre Opened At Udyan Bhawan In Lucknow Benefits Of Various Sch

किसानों के लिए काम की खबर : लखनऊ के उद्यान भवन में खुला कॉमन सर्विस सेंटर, एक छत के नीचे मिलेगा योजनाओं का लाभ

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 19 Nov 2026 08:56 PM IST
सार

  • लखनऊ के उद्यान भवन में कॉमन सर्विस सेंटर की शुरुआत।
  • किसानों, बागवानों और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा।
  • दस्तावेज अपलोड करने और तकनीकी सहायता के लिए मिलेगी एक ही जगह सुविधा।
  • ग्रामीण क्षेत्र के आवेदकों का समय और श्रम बचेगा, आवेदन प्रक्रिया होगी आसान।

कॉमन सर्विस सेंटर खुलने से किसानों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच में आसानी की उम्मीद।
कॉमन सर्विस सेंटर खुलने से किसानों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच में आसानी की उम्मीद। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किसानों, खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों और आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समय पर पहुंचाने के मकसद से लखनऊ स्थित उद्यान भवन परिसर में कॉमन सर्विस सेंटरकी शुरुआत की गई है। इस नई सुविधा के माध्यम से अब लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने, दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन से जुड़ी तकनीकी सहायता प्राप्त करने की सुविधा एक ही छत के निचे मिल सकेगी।

तकनीकी अभाव में वंचित नहीं रहेगा कोई भी पात्र व्यक्ति
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अनुसार, प्रदेश सरकार चाहती है कि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी या तकनीकी साधनों की कमी के कारण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने पाए। उन्होंने बताया कि किसानों, बागवानों और उद्यमियों को योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने समेत उनके लिए आवेदन करने में किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े, इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर इस केंद्र की स्थापना की गई है।

ग्रामीण क्षेत्र के आवेदकों के समय और श्रम की होगी बचत
उप मुख्यमंत्री के बयानों के मुताबिक, डिजिटल सेवाएं शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक मजबूत माध्यम बनकर उभर रही हैं। कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए खासतौर पर ग्रामीण इलाकों के किसानों और छोटे उद्यमियों को ऑनलाइन फॉर्म भरने, जरूरी अभिलेख अपलोड करने समेत दूसरी प्रक्रियाएं पूरी करने में सीधी मदद मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, इससे लाभार्थियों के समय और मेहनत दोनों की बचत होगी और आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल बन सकेगी।

बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को गति देने की तैयारी
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में बागवानी विकास और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए कई सरकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का मकसद किसानों की आय में इजाफा करना, कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करना, उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। उन्होंने कहा कि उद्यान भवन का यह कॉमन सर्विस सेंटर इन सभी कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लाभार्थियों तक पहुंचाने में एक अहम सेतु के रूप में कार्य करेगा।

हॉफेड संभालेगा संचालन
इस केंद्र का औपचारिक उद्घाटन राजस्व परिषद के अध्यक्ष एवं उद्यान, खाद्य प्रसंस्करण व रेशम विभाग के अपर मुख्य सचिव बी.एल. मीणा द्वारा किया गया। विभागीय जानकारी के अनुसार, केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हॉफेड), लखनऊ को सौंपी गई है। कार्यक्रम के दौरान हॉफेड के चेयरमैन नवलेश प्रताप सिंह, उद्यान निदेशक डॉ. भानु प्रकाश राम, संयुक्त निदेशक प्रशासन सृष्टि धवन, संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव कुमार वर्मा तथा वीरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सीएससी राज्य कार्यक्रम प्रबंधक (कृषि) ओंकार सिंह त्यागी और उनकी टीम ने केंद्र की कार्यप्रणाली तथा उपलब्ध सेवाओं का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया।


विज्ञापन
विज्ञापन