देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 7 अक्टूबर को कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है।
दिल्ली में बादल छाए रहेंगे
राजधानी दिल्ली में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि बारिश की संभावना कम है।
यूपी के कई जिलों में बारिश और आंधी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज मौसम खराब रहने का अनुमान है। आजमगढ़, अयोध्या, गोरखपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, फर्रुखाबाद, बदायूं, संभल, बिजनौर, हरदोई, उन्नाव, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, रायबरेली, अमरोहा, इटावा, हमीरपुर और अमेठी में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। बिहार के कई जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। झारखंड में 7 और 8 अक्टूबर को आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी अलर्ट
पंजाब के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है। हरियाणा में कुछ जगहों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवा का अनुमान है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिम बंगाल में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में कई दिन बारिश
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। अरुणाचल प्रदेश में 7 से 11 अक्टूबर और असम में 7 से 10 अक्टूबर तक कई जगह बारिश हो सकती है। मेघालय में भी कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश जारी रहेगी। तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में आज कई जगह भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के ऊना, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, कुल्लू, कांगड़ा, किन्नौर और मंडी में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भी भारी बारिश और आंधी की संभावना है। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले इलाकों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।