Home›Khabar Junction›
Onion Farmers Seek Minimum Price Of Rs 3 000 Per Quintal Urge Export Push
Onion Prices: प्याज किसानों को 3,000 रुपये प्रति क्विंटल दाम दिलाने की मांग, निर्यात बढ़ाने पर जोर
गांव जंक्शन डेस्क, मुंबई
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 18 Nov 2026 07:58 PM IST
सार
वर्ष 2025-26 में प्याज का अनुमानित उत्पादन घरेलू जरूरत से करीब 78.96 लाख टन अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक किसानों ने केंद्र सरकार से निर्यात बाजार बढ़ाने, स्थिर निर्यात नीति बनाने और भंडारण व प्रसंस्करण सुविधाएं मजबूत करने की मांग की है, ताकि किसानों को कम से कम 3,000 रुपये प्रति क्विंटल दाम मिल सके।
महाराष्ट्र के लासलगांव में स्थित प्याज की मंडी।
- फोटो : गांव जंक्शन
देश में प्याज का उत्पादन घरेलू जरूरत से अधिक रहने के अनुमान के बीच महाराष्ट्र के किसानों ने केंद्र सरकार से प्याज का न्यूनतम 3,000 रुपये प्रति क्विंटल भाव सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि बाजार में नई फसल की आवक बढ़ने पर कीमतों में गिरावट रोकने के लिए निर्यात बाजारों का विस्तार और स्थिर निर्यात नीति जरूरी है।
महाराष्ट्र राज्य प्याज उत्पादक किसान संगठन के संस्थापक अध्यक्ष भारत दिघोले ने केंद्र से दीर्घकालिक और एकसमान प्याज निर्यात नीति बनाने की अपील की है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय की 17 नवंबर को जारी तीसरे अग्रिम अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में प्याज उत्पादन 288.96 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि देश की सालाना जरूरत करीब 210 लाख टन है। वर्ष 2024-25 में उत्पादन 307.67 लाख टन था। इस तरह उत्पादन में 6.08 प्रतिशत गिरावट का अनुमान है।
घरेलू जरूरत से करीब 79 लाख टन अधिक उत्पादन
दिघोले के मुताबिक, अनुमानित उत्पादन और घरेलू खपत के बीच करीब 78.96 लाख टन का अंतर है। हालांकि, इसमें भंडारण के दौरान होने वाला नुकसान, बीज की जरूरत, प्रसंस्करण और अन्य उपयोगों को भी ध्यान में रखना होगा।
उन्होंने कहा कि खेती का रकबा घटने का अर्थ यह नहीं है कि उत्पादन भी उसी अनुपात में कम होगा। अनुकूल मौसम, पानी की उपलब्धता, बेहतर कृषि पद्धतियों और प्रति एकड़ उत्पादकता बढ़ने से उत्पादन का स्तर बना रह सकता है। ऐसे में अतिरिक्त आपूर्ति के दबाव से किसानों को नुकसान से बचाने के लिए निर्यात को बढ़ावा देना जरूरी है।
निर्यात ढांचे और प्रसंस्करण में निवेश की मांग
किसान संगठन ने प्याज निर्यात के लिए पैक हाउस, ग्रेडिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, परिवहन और कोल्ड चेन जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग की है। इसके अलावा प्याज पाउडर, फ्लेक्स और डिहाइड्रेटेड प्याज जैसे मूल्यवर्धित उत्पादों के निर्माण को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया है।
दिघोले ने कहा कि भारत को केवल घरेलू बाजार पर निर्भर रहने के बजाय अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहुंच मजबूत करनी चाहिए। इसके लिए नए निर्यात बाजार तलाशने और निर्यात नीति में बार-बार बदलाव से बचने की जरूरत है।
भंडारण और पारदर्शी आंकड़ों पर जोर
किसानों ने फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने के लिए बेहतर भंडारण सुविधाएं विकसित करने की भी मांग की है। साथ ही उत्पादन, खपत और उपलब्ध स्टॉक से जुड़े आंकड़ों को पारदर्शी बनाने तथा किसानों, निर्यातकों और सरकार के बीच नियमित समन्वय स्थापित करने की जरूरत बताई है।
दिघोले के अनुसार, सरकार को उपभोक्ताओं के लिए प्याज की किफायती कीमत और किसानों को उनकी उपज का लाभकारी दाम दिलाने के बीच संतुलन बनाना चाहिए। संगठन का मानना है कि निर्यात, भंडारण और प्रसंस्करण को मजबूत करके कीमतों में अचानक गिरावट से किसानों को बचाया जा सकता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।