विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Villages Become Violence Free 15 Ministries Join Forces Protect Women Launch Nai Chetana 5 0 Campaign

गांव बनेंगे हिंसा मुक्त: महिलाओं की सुरक्षा के लिए 15 मंत्रालय आए साथ, चलाएंगे 'नई चेतना 5.0' अभियान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 06:22 PM IST
सार

केंद्र सरकार ने नई चेतना 5.0 अभियान शुरू किया है। इसके तहत महिलाओं की सुरक्षा, कानूनी मदद और सशक्तिकरण के लिए 15 मंत्रालय मिलकर काम करेंगे। 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक देशभर में चलेगा अभियान।

महिलाओं को हिंसा से बचाने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने ‘नई चेतना 5.0’ अभियान शुरू किया है।
महिलाओं को हिंसा से बचाने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने ‘नई चेतना 5.0’ अभियान शुरू किया है। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महिलाओं को हिंसा से बचाने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने ‘नई चेतना 5.0’ अभियान शुरू किया है। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार को नई दिल्ली में इस अभियान की शुरुआत की। यह अभियान 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक देशभर में चलाया जाएगा। इसके तहत गांवों को हिंसा मुक्त बनाने, महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

इस अभियान में 15 मंत्रालय और विभाग मिलकर काम करेंगे। इसका उद्देश्य महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव, घरेलू हिंसा और दूसरी तरह की हिंसा को रोकना है। साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और समाज में उन्हें बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक जगह मिलेगी मदद
कार्यक्रम का सबसे अहम फैसला हिंसा मुक्त गांव बनाने की पहल को लेकर हुआ। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के बीच चार पक्षीय समझौता हुआ है।

इसके तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़े जेंडर रिसोर्स सेंटर को वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, दिशा 2.0 और कानूनी सहायता सेवाओं से जोड़ा जाएगा। इससे हिंसा का सामना करने वाली महिलाओं को सुरक्षा, कानूनी मदद और पुनर्वास की सुविधा एक साथ मिल सकेगी। इस व्यवस्था को शुरुआती तौर पर 9 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लागू किया जाएगा। इसका मकसद है कि हिंसा से परेशान महिलाओं को मदद पाने के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

3.75 करोड़ लखपति दीदियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की ताकत: शिवराज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, सम्मान और सुरक्षा विकसित भारत के लक्ष्य का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था में करीब 3.75 करोड़ लखपति दीदियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करना भी जरूरी है। इसके लिए समाज की पुरानी सोच बदलनी होगी और सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

उन्होंने कहा कि नई चेतना अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, न्याय, पुनर्वास और आजीविका को एक साथ जोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने राज्यों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समुदायों से इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान से इसे जोड़कर नशा मुक्त और हिंसा मुक्त गांव बनाने पर जोर दिया।

महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन नंबर 112 की जानकारी दी जाएगी
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों और सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक करना जरूरी है। इसमें स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक संस्थाओं की बड़ी भूमिका है।उन्होंने लोगों से अपील की कि महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 को अपने मोबाइल में सेव करें और दूसरों को भी इसकी जानकारी दें। इससे जरूरत पड़ने पर महिलाओं को समय पर मदद मिल सकेगी।

अब तक 5.3 करोड़ लोग अभियान से जुड़े
ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल ने बताया कि नई चेतना अभियान अब जागरूकता कार्यक्रम से आगे बढ़कर देशव्यापी जन आंदोलन बन चुका है। अब तक इससे करीब 5.3 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं और देश में लगभग 7,000 जेंडर रिसोर्स सेंटर स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार अभियान में केवल जागरूकता फैलाने के बजाय महिलाओं को समय पर सहायता, कानूनी मदद और न्याय दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। न्याय विभाग के सचिव नीरज वर्मा ने कहा कि महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी गांवों और दूरदराज के इलाकों तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए नालसा, टेली-लॉ, न्याय बंधु और पैरा लीगल वॉलंटियर्स जैसी सेवाओं की मदद ली जाएगी।

महिलाओं के अधिकारों पर रहेगा अभियान का फोकस
25 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के चार प्रमुख विषय होंगे-
  1. पहचान और सम्मान : महिलाओं की पहचान, गरिमा और समाज में उनके योगदान को सम्मान देना।
  2. संपत्ति में अधिकार : महिलाओं को संपत्ति में उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना।
  3. आवागमन की आजादी : महिलाओं को बिना किसी डर और रोक-टोक के आने-जाने का अधिकार दिलाना।
  4. घर के काम में बराबरी : घरेलू कामकाज और बच्चों व परिवार की देखभाल की जिम्मेदारी में पुरुषों की समान भागीदारी बढ़ाना।

इन विषयों पर गांवों में जागरूकता रैलियां, बैठकें, नुक्कड़ नाटक और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वयं सहायता समूहों के साथ पुरुषों और युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। इस अभियान में ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, गृह, कृषि, पंचायती राज, स्वास्थ्य, शिक्षा, न्याय और अन्य विभागों सहित कुल 15 मंत्रालय और विभाग मिलकर काम करेंगे। कार्यक्रम के दौरान नई चेतना 4.0 की मूल्यांकन रिपोर्ट और अभियान का गीत भी जारी किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और समान अधिकारों को लेकर देशभर में जागरूकता बढ़ाना है।
विज्ञापन
विज्ञापन