विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Government Schemes Boost Cattle Farmers Fortunes Started A Dairy With Two Cows Earning 25 000 Rupees Per Month

सरकारी योजनाओं से चमकी पशुपालकों की किस्मत : दो गायों से शुरू की डेयरी, अब हर महीने कमा रहे 25 हजार रुपये

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 07:17 PM IST
सार

नंद बाबा दुग्ध मिशन और मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना से पशुपालकों को मिल रही आर्थिक मदद। दो देसी गायों से डेयरी शुरू कर किसान हर महीने 25 हजार रुपये से अधिक कमा रहे हैं।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पशुपालन और दुग्ध उत्पादन किसानों के लिए कमाई का अच्छा जरिया बन रहा है। सरकार भी किसानों को डेयरी शुरू करने और देसी गायों के पालन के लिए आर्थिक मदद दे रही है। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में नंद बाबा दुग्ध मिशन और मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना के जरिए पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में 32 पशुपालकों को मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना का लाभ मिला है। इन योजनाओं की मदद से किसान खेती के साथ दूध बेचकर अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं।

नंद बाबा दुग्ध मिशन का मुख्य उद्देश्य देसी गायों का संरक्षण, उनकी नस्ल में सुधार और दूध उत्पादन बढ़ाना है। इसके साथ ही पशुपालकों की कमाई बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। मिशन के तहत किसानों को अच्छी नस्ल की गायों के पालन, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, चारे के प्रबंधन और पशुओं की सेहत से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।

दो से चार गायों के साथ शुरू कर सकते हैं डेयरी
मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना के तहत देसी गायों की डेयरी इकाई लगाने के लिए अनुदान दिया जाता है। पशुपालक दो, चार या इससे अधिक गायों के साथ अपना डेयरी व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। इसके लिए बैंक से कर्ज लेने की सुविधा भी उपलब्ध है। साथ ही सरकार की ओर से अनुदान भी दिया जाता है। इससे कम और मध्यम आय वाले किसानों के लिए डेयरी शुरू करना आसान हो रहा है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना के तहत देसी नस्ल की अधिक दूध देने वाली गायों को पालने वाले किसानों को आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाता है। इसका उद्देश्य किसानों को देसी नस्ल की गायों के पालन के लिए प्रेरित करना है।

दो साहीवाल गायों से शुरू की डेयरी, अब रोजाना 35 लीटर दूध
सदर ब्लॉक के अभिमन्यु पांडेय की कहानी सरकारी योजनाओं से मिली मदद और मेहनत की अच्छी मिसाल है। वह बताते हैं कि पहले उनके पास एक देसी गाय थी, जिससे मुश्किल से तीन लीटर दूध मिलता था। दो साल पहले उन्होंने मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना का लाभ लेकर दो साहीवाल गायों की डेयरी इकाई शुरू की।

विभाग से प्रशिक्षण और अनुदान मिलने के बाद उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन शुरू किया। आज उनके पास चार गायें हैं, जिनसे रोजाना 35 लीटर से अधिक दूध का उत्पादन हो रहा है। वह दूध को गांव की डेयरी और सहकारी समिति में बेचते हैं। इससे उन्हें हर महीने 25 हजार रुपये से अधिक की आमदनी हो रही है। अभिमन्यु पांडेय को पांच हजार लीटर से अधिक दूध बेचने पर इसी साल नंदबाबा पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।

पांच गायों से सालाना सात हजार लीटर दूध, मिला गोकुल पुरस्कार
रघवापुर के राजेश शुक्ल भी कई वर्षों से गाय पालन कर रहे हैं। वह दुग्ध समिति रंजीतपुर के सदस्य हैं और पराग डेयरी को दूध बेचते हैं। उनके पास पांच गायें हैं, जिनसे एक साल में सात हजार लीटर से अधिक दूध का उत्पादन हुआ है।

अच्छे दुग्ध उत्पादन के लिए उन्हें पिछले दो वर्षों से गोकुल पुरस्कार के तहत 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिली है। राजेश बताते हैं कि अब खेती के साथ डेयरी व्यवसाय से होने वाली कमाई से बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चल रहा है। उनकी सफलता देखकर दूसरे किसान भी पशुपालन और दुग्ध उत्पादन की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

इन पशुपालकों को मिला योजना का लाभ
नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत जिले में ललिता शुक्ला, आनंद प्रताप सिंह, ऊषा मिश्रा, कमलेश वर्मा, सोनी शर्मा, दीप्ति यादव, शीला सिंह, शांति देवी, शिवशंकर तिवारी, अमित कुमार मिश्र, सुशीला देवी और रीना देवी का चयन किया गया है। इन लाभार्थियों को दो गायों की इकाई स्थापित करने के लिए 80 हजार रुपये का अनुदान दिया गया है। सरकार की इन योजनाओं से जिले में देसी गायों के पालन और दूध उत्पादन को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही किसानों को खेती के अलावा कमाई का एक और जरिया मिल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन