विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Urea Production Increase Dependence Foreign Countries Fertilizer Decrease 6 Projects Started With 54 Thousand

देश में बढ़ेगा यूरिया उत्पादन: खाद के लिए विदेशों पर घटेगी निर्भरता, 54 हजार करोड़ से लगेंगी 6 परियोजनाएं

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 06:48 PM IST
सार

यूरिया आयात कम करने के लिए सरकार ने छह गैस आधारित परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन पर 54 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। जानिए किन राज्यों में लगेंगी परियोजनाएं और किसानों को क्या होगा फायदा।

Urea production increase Dependence foreign countries fertilizer decrease 6 projects started with 54 thousand
- फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में यूरिया का आयात कम करने और घरेलू उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत छह गैस आधारित यूरिया परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं पर करीब 54 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इससे देश में यूरिया उत्पादन की क्षमता बढ़ेगी और विदेशों से खाद मंगाने पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, उर्वरक मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि जुलाई में मंजूर की गई नई यूरिया निवेश नीति-2026 (एनआईपीयू) के तहत इन परियोजनाओं को चुना गया है। इस नीति का मकसद देश में यूरिया उत्पादन के लिए नई निवेश परियोजनाओं को बढ़ावा देना और घरेलू उत्पादन को मजबूत करना है।

इस नीति के तहत सरकार को कुल 18 प्रस्ताव मिले थे। इनमें से छह ब्राउनफील्ड यूरिया परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं में सरकारी, निजी और सहकारी क्षेत्र की कंपनियां शामिल हैं। ब्राउनफील्ड परियोजनाओं में पहले से मौजूद कारखानों, जमीन, बिजली-पानी की सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल किया जाता है। इससे नए संयंत्र लगाने के मुकाबले समय और लागत दोनों बचते हैं।

कहां लगेंगी यूरिया की छह परियोजनाएं?
सरकार ने जिन छह परियोजनाओं को मंजूरी दी है, उनमें अलग-अलग राज्यों की इकाइयां शामिल हैं।
  1. एमएफएल-मद्रास (चेन्नई): सार्वजनिक क्षेत्र की यह परियोजना 60 साल से अधिक पुरानी यूरिया इकाई की जगह लेगी। पुरानी इकाई में उत्पादन की लागत अधिक है।
  2. एनएफएल-नांगल (पंजाब): नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) की यह इकाई 1978 में शुरू हुई थी। इसकी मौजूदा उत्पादन क्षमता 4.73 लाख टन सालाना है। इसे आधुनिक तकनीक वाली 12.7 लाख टन सालाना क्षमता की इकाई से बदला जाएगा।
  3. केएफएल-शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश): कृभको की इस सहकारी परियोजना के तहत 1995 में शुरू हुई इकाई का विस्तार किया जाएगा।
  4. मैट्रिक्स-पानागढ़ (पश्चिम बंगाल): यह निजी क्षेत्र की परियोजना है। इसके जरिए पश्चिम बंगाल में यूरिया की मांग पूरी करने में मदद मिलेगी।
  5. सीएफसीएल-गदेपान (कोटा, राजस्थान): चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड की यह निजी परियोजना 1994 से चल रहे औद्योगिक परिसर की उत्पादन क्षमता बढ़ाएगी।
  6. आईआईपीएल-जगदीशपुर (उत्तर प्रदेश): इस निजी परियोजना के तहत मौजूदा संयंत्र की क्षमता में सालाना 12.7 लाख टन की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।

क्यों जरूरी हैं ये परियोजनाएं?
भारत में हर साल करीब 400 लाख टन यूरिया की खपत होती है। खेती में फसलों की पैदावार बढ़ाने के लिए यूरिया एक प्रमुख खाद है। इसकी मांग को पूरा करने के लिए देश को घरेलू उत्पादन के साथ आयात पर भी निर्भर रहना पड़ता है। देश की कई पुरानी यूरिया फैक्ट्रियों में उत्पादन की लागत अधिक है। इनमें ऊर्जा की खपत भी ज्यादा होती है। इसके अलावा पुरानी तकनीक के कारण सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां भी रहती हैं।

पंजाब के नांगल संयंत्र का उदाहरण लें तो वहां एक टन यूरिया बनाने में 6.498 गीगाकैलोरी ऊर्जा खर्च होती है, जबकि नया ऊर्जा मानक 5 गीगाकैलोरी है। ऐसे में नई तकनीक वाले संयंत्रों से ऊर्जा की खपत और उत्पादन लागत कम करने में मदद मिलेगी।

आंकड़ों के मुताबिक, देश में यूरिया का घरेलू उत्पादन 2014-15 में 225 लाख टन था, जो 2023-24 में बढ़कर रिकॉर्ड 314.07 लाख टन पहुंच गया। वहीं, 2026-27 तक देश की कुल स्वदेशी उत्पादन क्षमता 269.42 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। नई परियोजनाओं और मौजूदा संयंत्रों के विस्तार से घरेलू उत्पादन को और बढ़ावा मिलेगा। इससे यूरिया आयात पर होने वाला खर्च कम करने और देश की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिल सकती है।

क्या है नई यूरिया निवेश नीति-2026?
आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने 15 जुलाई 2026 को नेशनल इन्वेस्टमेंट पॉलिसी फॉर यूरिया-2026 (एनआईपीयू-2026) को मंजूरी दी थी। इस नीति का उद्देश्य यूरिया उत्पादन के क्षेत्र में नए निवेश को बढ़ावा देना और देश को इस खाद के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है।

नई नीति में यूरिया उत्पादन की लागत को दो हिस्सों में बांटा गया है। इनमें एक निश्चित लागत और दूसरी ऊर्जा या उत्पादन के साथ बदलने वाली लागत है। नीति के तहत ऊर्जा लागत के हिस्से में बदलाव नहीं किया गया है, जबकि निश्चित लागत में करीब 8 फीसदी की कटौती की गई है।

इससे नई और पुरानी फैक्ट्रियों के विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं के लिए यूरिया की रियायती कीमतों में करीब 14 फीसदी तक कमी आने का अनुमान है।सरकार के इस निवेश ढांचे के तहत ब्राउनफील्ड परियोजनाओं में प्रत्येक संयंत्र पर करीब 9,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस तरह छह परियोजनाओं से कुल 54,000 करोड़ रुपये का निवेश आएगा। नीति में निवेशकों को उनकी इक्विटी पर 12 से 16 फीसदी तक रिटर्न देने का प्रावधान भी किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन