विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Tap Water Scheme Now Water Supply Will Be Improved In Village Itself 1 Lakh Youth Will Get Training

नल-जल योजना: अब गांव में ही ठीक होगी पानी की सप्लाई, 1 लाख युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 07:08 PM IST
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गांवों में नल से पानी की सप्लाई को बेहतर बनाने और ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार ने बड़ी पहल की है। इसके तहत एक लाख युवाओं को पानी की सप्लाई व्यवस्था को चलाने और उसकी मरम्मत करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षित युवाओं को 'नल जल मित्र' के रूप में तैयार किया जाएगा। इस योजना पर करीब 111.93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इस संबंध में बुधवार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) के बीच समझौता हुआ। यह कार्यक्रम जल जीवन मिशन 2.0 के तहत चलाया जाएगा। इसका मकसद गांवों में नल से पानी पहुंचाने वाली व्यवस्था को लंबे समय तक सुचारु बनाए रखना और स्थानीय युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है। समझौते पर नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।

आईटीआई और एनएसटीआई में मिलेगा प्रशिक्षण
इस कार्यक्रम के तहत देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 165 घंटे का विशेष पाठ्यक्रम तैयार किया गया है।

इसमें 120 घंटे संस्थान में पढ़ाई और प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 45 घंटे गांवों में चल रही नल से जल आपूर्ति योजनाओं के बीच काम करने का अनुभव दिया जाएगा। इससे युवाओं को वास्तविक परिस्थितियों में पानी की सप्लाई व्यवस्था को संभालने और उसकी मरम्मत करने की जानकारी मिलेगी।

इस प्रशिक्षण में मुख्य रूप से प्लंबिंग, पानी की सप्लाई और वितरण व्यवस्था, पंप और मोटर चलाने, बिजली से जुड़े छोटे-मोटे काम और पानी की गुणवत्ता की जांच करना सिखाया जाएगा। इसके अलावा पानी की सप्लाई से जुड़ी रोजमर्रा की समस्याओं को ठीक करने का प्रशिक्षण भी मिलेगा।

किन युवाओं को मिलेगा मौका?
यह प्रशिक्षण सरकारी आईटीआई और एनएसटीआई में फिटर और प्लंबर ट्रेड के मौजूदा और पहले प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं के लिए होगा। यह उनके लिए वैकल्पिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के रूप में उपलब्ध रहेगा।

प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले युवाओं को प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) की ओर से शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग (एसटीटी) प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इसके साथ उन्हें पहले से प्राप्त नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (एनटीसी) भी मिलेगा। इस तरह युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ दो प्रमाणपत्र हासिल करने का मौका मिलेगा।

गांवों में ही मिल सकेंगे प्रशिक्षित नल जल मित्र
जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अशोक के.के. मीणा ने बताया कि देश के करीब 16 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल से पानी की सुविधा से जोड़ा जा चुका है। अब सरकार का जोर इन योजनाओं को लंबे समय तक चालू रखने पर है।

उन्होंने कहा कि गांवों में पानी की सप्लाई से जुड़ी छोटी-मोटी समस्याओं को ठीक करने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित लोगों की जरूरत है। अभी कई बार ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए बाहरी एजेंसियों पर निर्भर रहना पड़ता है। नल जल मित्र तैयार होने से गांवों में ही तकनीकी मदद उपलब्ध हो सकेगी।

प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं का रिकॉर्ड जिला और ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे राज्य सरकारों और पंचायतों को अपनी जरूरत के अनुसार इन युवाओं को पानी की सप्लाई व्यवस्था के रखरखाव से जुड़े कामों में लगाने में मदद मिलेगी।

111.93 करोड़ रुपये होंगे खर्च
इस कार्यक्रम के तहत कम से कम एक लाख युवाओं को प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र देने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर करीब 111.93 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह पूरी राशि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अपने बजट से उपलब्ध कराएगा।

कार्यक्रम के संचालन, प्रशिक्षण के लिए समन्वय, परीक्षा और प्रमाणपत्र देने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय अनुदेशात्मक मीडिया संस्थान (एनआईएमआई) को सौंपी गई है। वहीं, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग प्रशिक्षण देने वाले लोगों की तैयारी, गांवों में प्रैक्टिकल प्रशिक्षण की जगह तय करने और प्रशिक्षित युवाओं का रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

कार्यक्रम की निगरानी के लिए संयुक्त संचालन समिति भी बनाई जाएगी। यह समिति प्रशिक्षण के लक्ष्य, कामकाज और खर्च की निगरानी करेगी। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से गांवों में पानी की सप्लाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित लोगों की उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और कमाई के नए अवसर भी तैयार होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन