Home›Khabar Junction›
Picture Panchayats Change 28 States Rs 4 35 Lakh Crore Grant Strategy Made In Goa Today
पंचायतों की बदलेगी तस्वीर: 28 राज्यों को मिलेंगे 4.35 लाख करोड़ रुपये, गोवा में आज बनेगी अनुदान की रणनीति
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 25 Nov 2026 06:36 PM IST
सार
16वें वित्त आयोग ने 28 राज्यों की पंचायतों के लिए 4.35 लाख करोड़ रुपये के अनुदान की सिफारिश की है। इसके प्रभावी इस्तेमाल और पंचायतों की आय बढ़ाने पर गोवा में 26 नवंबर को कार्यशाला होगी।
पंचायतों की बदलेगी तस्वीर: 28 राज्यों को मिलेंगे 4.35 लाख करोड़ रुपये
- फोटो : AI (सांकेतिक तस्वीर)
ग्रामीण पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें समय पर सरकारी अनुदान दिलाने के लिए केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय 26 नवंबर को गोवा में क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित करेगा। यह 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों को लागू करने के लिए आयोजित होने वाली पहली क्षेत्रीय कार्यशाला है। इसमें गोवा, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राज्यों को 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों, अनुदान से जुड़े नियमों और जरूरी शर्तों की जानकारी देना है। इससे पंचायतों तक समय पर पैसा पहुंच सकेगा और गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।
16वें वित्त आयोग ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक की अवधि के लिए देश के सभी 28 राज्यों की पंचायतों और ग्रामीण स्थानीय निकायों को कुल 4,35,236 करोड़ रुपये का अनुदान देने की सिफारिश की है। वित्त मंत्रालय ने 21 मई 2026 को इस अनुदान के इस्तेमाल के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे। केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर कार्यशाला में शामिल होंगी। इसके अलावा गोवा के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के भी हिस्सा लेने की उम्मीद है।
कार्यशाला में पंचायतों की अपनी कमाई बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। इसके तहत राज्यों के अधिकारी अपने अनुभव और ऐसे तरीके साझा करेंगे, जिनसे पंचायतें स्थानीय स्तर पर आय के नए स्रोत विकसित कर सकें। इससे पंचायतों की सरकारी अनुदान पर निर्भरता कम होगी और वे अपने विकास कार्यों के लिए खुद भी पैसा जुटा सकेंगी।
मंत्रालय के अनुसार, आर्थिक रूप से मजबूत, सक्षम और जवाबदेह पंचायतें आत्मनिर्भर पंचायत और विकसित पंचायत के लक्ष्य को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगी। पंचायतों को समय पर अनुदान मिलने और उनकी अपनी आय बढ़ने से गांवों में विकास कार्यों की योजना बनाने और उन्हें पूरा करने में मदद मिलेगी। यह कार्यशाला गोवा सरकार के पंचायती राज विभाग के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।