Home›Khabar Junction›
Uttar Pradesh Maharajganj Surpasses Mathura In Stubble Burning 12 Cases Reported In A Single Day
उत्तर प्रदेश : पराली जलाने में महराजगंज ने मथुरा को पछाड़ा, एक दिन में आए 12 मामले
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 14 Nov 2026 02:31 PM IST
सार
उत्तर प्रदेश में पराली जलाने की घटनाएं नहीं थम रहीं। महराजगंज 90 मामलों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंचा। शाहजहांपुर में 11 किसानों पर 55 हजार रुपये जुर्माना लगा।
उत्तर प्रदेश में पराली जलाने की घटनाएं प्रशासन की सख्ती के बावजूद पूरी तरह थम नहीं रही हैं। 13 नवंबर को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, महाराजगंज में अब तक पराली जलाने के कुल 90 मामले सामने आ चुके हैं। इसके साथ ही यह जिला प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। 13 नवंबर को एक ही दिन में पराली जलाने की 12 नई घटनाएं दर्ज की गईं। इसके चलते महराजगंज ने मथुरा को पीछे छोड़ दिया।
प्रदेश स्तर पर जारी आंकड़ों के अनुसार, 82 घटनाओं के साथ मथुरा दूसरे और 44 घटनाओं के साथ फतेहपुर तीसरे स्थान पर है। वहीं, अलीगढ़ में 42, कानपुर देहात में 41, औरैया में 40, उन्नाव में 34, शाहजहांपुर में 31 और पीलीभीत में पराली जलाने की 30 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
शाहजहांपुर जिला प्रशासन की ओर से पराली जलाने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है। अब तक 11 किसानों पर कुल 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। हालांकि, जांच में सात मामलों में पराली जलाने के पर्याप्त सबूत नहीं मिले। तीन जगह कूड़ा जलाने की पुष्टि हुई, जबकि नौ स्थानों पर पराली जलाने के अवशेष तो मिले, लेकिन संबंधित किसानों की पहचान नहीं हो सकी।
सैटेलाइट से भी रखी जा रही नजर
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) के CREAMS पोर्टल के सैटेलाइट निगरानी आंकड़ों में 15 सितंबर से अक्टूबर की शुरुआत तक आठ घटनाएं दर्ज हुई थीं। इनमें से पांच मामलों की पुष्टि हुई। प्रशासन पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रख रहा है, लेकिन खेतों में आग लगाने का सिलसिला अब भी चुनौती बना हुआ है।
पराली जलाने से मिट्टी की सेहत को नुकसान
कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद जैविक पदार्थ, पोषक तत्व और लाभकारी सूक्ष्म जीव नष्ट होते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति और पानी रोकने की क्षमता प्रभावित होती है। पराली जलने से निकलने वाली गैसें भी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती हैं।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि पराली जलाने के बजाय उसे खेत में मिलाएं। इसके लिए कृषि मशीनों और बायो डीकंपोजर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे फसल अवशेषों का बेहतर प्रबंधन होगा और मिट्टी की सेहत भी बनी रहेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।