Home›Khabar Junction›
Kiwi Farming Boosts Farmers Income In Uttarkashi Cultivation Spreads Across 35 Hectares
उत्तराखंड : उत्तरकाशी में कीवी की खेती से बढ़ रही किसानों की कमाई, 35 हेक्टेयर में तैयार हो रहे बाग
गांव जंक्शन डेस्क, उत्तरकाशी
Published by: Umashankar Mishra
Updated Sat, 14 Nov 2026 09:45 PM IST
सार
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में करीब 100 किसान 35 हेक्टेयर भूमि पर कीवी की खेती कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में इसका उत्पादन 100 मीट्रिक टन से अधिक पहुंचने का अनुमान है। धौंतरी और सिल्याण के किसान कीवी से सालाना लाखों रुपये की कमाई कर रहे हैं। उद्यान विभाग धौंतरी में कीवी क्लस्टर विकसित करने की तैयारी कर रहा है।
उद्यान विभाग के अनुसार, जिले में करीब 100 किसान 35 हेक्टेयर भूमि पर कीवी की खेती कर रहे हैं।
- फोटो : गांव जंक्शन
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में कीवी की खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने का नया जरिया बन रही है। उत्तरकाशी जिले के डुंडा ब्लॉक की गाजणा पट्टी के धौंतरी, ठांडी और कामद से लेकर जिला मुख्यालय के पास स्थित सिल्याण गांव तक किसान कीवी के बाग तैयार कर रहे हैं।
उद्यान विभाग के अनुसार, जिले में करीब 100 किसान 35 हेक्टेयर भूमि पर कीवी की खेती कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में इसका उत्पादन 100 मीट्रिक टन से अधिक पहुंचने का अनुमान है।
हेवर्ड और एलिसन किस्मों की हो रही खेती
धौंतरी क्षेत्र में किसान हेवर्ड और एलिसन प्रजाति की कीवी उगा रहे हैं। धौंतरी के किसान अमित बहुगुणा ने बताया कि वह वर्ष 2016-17 से कीवी की खेती कर रहे हैं। पिछले पांच-छह वर्षों से उन्हें हर साल करीब 12 क्विंटल हेवर्ड कीवी का उत्पादन मिल रहा है। इससे उनकी सालाना कमाई करीब ढाई से तीन लाख रुपये हो रही है।
इसी तरह जिला मुख्यालय के पास सिल्याण गांव के किसान गोविंद सिंह गुसाईं करीब 10 क्विंटल हेवर्ड कीवी का उत्पादन कर रहे हैं। वह इसे 250 रुपये प्रति किलो तक बेचते हैं।
धौंतरी में कीवी क्लस्टर बनाने की तैयारी
उद्यान विभाग ने धौंतरी क्षेत्र में कीवी क्लस्टर विकसित करने की योजना बनाई है। मुख्य उद्यान अधिकारी रजनीश सिंह के अनुसार, कीवी मिशन के तहत जिले के सैकड़ों किसानों ने सरकारी सहायता के लिए आवेदन किया है।
कीवी नीति के तहत पात्र किसानों को 50 से 70 प्रतिशत तक सब्सिडी देने का प्रावधान है। किसानों को कीवी की खेती और उत्पादन की तकनीक का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। यहां उत्पादित कीवी की बिक्री उत्तरकाशी के साथ देहरादून, ऋषिकेश और टिहरी के बाजारों में भी हो रही है।
बंदरों और जंगली सुअरों से अपेक्षाकृत कम नुकसान
किसानों के अनुसार, दूसरी फसलों की तुलना में कीवी की फसल को बंदरों और जंगली सुअरों से कम नुकसान होता है। हालांकि, इसके पौधों से अच्छी पैदावार मिलने में तीन से चार साल का समय लगता है। अच्छी खेती के लिए सिंचाई और पाले से बचाव की व्यवस्था करना भी जरूरी है।
कीवी के बागों में किसान इसके साथ अलग-अलग तरह की सब्जियां भी उगा सकते हैं। इससे खेतों का बेहतर इस्तेमाल करने और अतिरिक्त आमदनी हासिल करने का मौका मिलता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।