विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Sugarcane Weighing Halted At Powayan Mill Farmers Protest Causes 2 Km Traffic Jam

उत्तर प्रदेश : शाहजहांपुर की पुवायां चीनी मिल में गन्ने की तौल बंद, किसानों के हंगामे से हाईवे पर 2Km लंबा जाम

गांव जंक्शन डेस्क, शाहजहांपुर Published by: Umashankar Mishra Updated Sat, 14 Nov 2026 09:49 PM IST
सार

शाहजहांपुर की पुवायां किसान सहकारी चीनी मिल में सामान्य और अगेती गन्ने की पर्चियों को लेकर विवाद हो गया। शनिवार सुबह 11 बजे से तौल बंद होने के कारण शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की करीब दो किलोमीटर लंबी कतार लग गई। शाम पांच बजे तक तौल शुरू नहीं हो सकी थी। जानिए, विस्तार से...

चीनी मिल
चीनी मिल - फोटो : सोशल मीडिया (सांकेतिक तस्वीर)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले की पुवायां किसान सहकारी चीनी मिल में शनिवार को सामान्य और अगेती प्रजाति के गन्ने की तौल को लेकर विवाद हो गया। किसानों के विरोध के बाद सुबह 11 बजे से मिल में गन्ने की तौल बंद हो गई। इससे मिल के सामने शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की करीब दो किलोमीटर लंबी कतार लग गई। किसानों ने दिनभर कई बार हंगामा किया।

मिल प्रशासन की ओर से अगेती प्रजाति के गन्ने की खरीद के लिए इंडेंट जारी किया गया था। शनिवार को किसान गन्ना लेकर मिल पहुंचे तो जांच में सामने आया कि कई किसान अगेती गन्ने की पर्ची पर सामान्य प्रजाति का गन्ना लेकर आए हैं।

मिल अधिकारियों का कहना था कि सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्चियां 15 दिसंबर के बाद जारी की जाती हैं। इसलिए अगेती गन्ने की पर्ची पर सामान्य गन्ने की तौल नहीं की जा सकती। इस पर किसानों ने विरोध शुरू कर दिया और तौल बंद करा दी। इसका असर उन किसानों पर भी पड़ा, जो अगेती प्रजाति का गन्ना लेकर पहुंचे थे।

दो किलोमीटर तक लगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार
तौल बंद होने से चीनी मिल के सामने हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मिल का यार्ड भी पूरी तरह भर गया। किसानों का कहना था कि हर साल अगेती गन्ने की पर्चियां जारी होने के बाद सामान्य प्रजाति का गन्ना लाने वाले किसानों की फसल भी तौल ली जाती थी। इसलिए इस बार भी वे सामान्य गन्ना लेकर पहुंचे थे।

किसानों ने सवाल उठाया कि अगर मिल प्रशासन को सामान्य गन्ना नहीं खरीदना था तो इसकी जानकारी पहले ही देनी चाहिए थी। अब खेत से गन्ना छीलकर लाने के बाद वे इसे कहां ले जाएंगे? कुछ किसानों ने यह भी बताया कि सामान्य गन्ना पहले तौल लिया जाता था, लेकिन इस बार नियमों का हवाला देकर मना किया जा रहा है। शाम पांच बजे तक मिल में तौल शुरू नहीं हो पाई थी।

गन्ना पर्यवेक्षक से किसानों की नोकझोंक
तौल बंद होने के बाद किसानों की गन्ना पर्यवेक्षक मोहन सिंह से कई बार कहासुनी हुई। किसान सामान्य प्रजाति के गन्ने की तौल कराने की मांग कर रहे थे, जबकि मिल अधिकारी इसे नियमों के खिलाफ बता रहे थे। उनका कहना था कि सामान्य प्रजाति के गन्ने में चीनी का परता कम होता है।

गांव मोहनपुर के शैलेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले साल सामान्य गन्ने की तौल की गई थी, ऐसे में इस बार नया नियम क्यों लागू किया जा रहा है। उन्होंने मिल प्रशासन से तौल शुरू कराने की मांग की। वहीं, गांव लखोहा के उपेंद्र मौर्य ने कहा कि हर साल किसानों का गन्ना सीधे तौला जाता रहा है। इस बार मिल प्रशासन की कार्यशैली के कारण किसान परेशान हो रहे हैं।

नियमों के मुताबिक ही होगी गन्ने की खरीद: मिल प्रबंधन
किसानों के विरोध पर किसान सहकारी चीनी मिल, करनापुर पुवायां के महाप्रबंधक डॉ. अनिल कुमार भारती ने कहा कि वह दोपहर में किसानों से बातचीत करने पहुंचे थे, लेकिन किसान विवाद करने लगे। उन्होंने कहा कि किसान सामान्य प्रजाति के गन्ने को अगेती गन्ने की पर्ची पर तौलवाना चाहते हैं, जो नियमों के खिलाफ है।

किसानों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वे तैयार नहीं हुए। देर शाम तक तौल शुरू नहीं होने पर किसान मिल के धर्मकांटे के पास धरने पर बैठ गए।

 


विज्ञापन
विज्ञापन