विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Rural Women Get Cheap And Easy Loans Nabard Will Take Responsibility For Helping Lakhpati Didis

ग्रामीण महिलाओं को सस्ता और आसान मिलेगा कर्ज: नाबार्ड संभालेगा लखपति दीदियों की मदद की जिम्मेदारी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 06:29 PM IST
सार

ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को कम ब्याज पर कर्ज दिलाने के लिए ग्रामीण विकास विभाग और नाबार्ड ने समझौता किया है। अगले पांच साल में 11 लाख करोड़ रुपये के अतिरिक्त कर्ज की सुविधा देने का लक्ष्य है।

नाबार्ड और ग्रामीण विकास विभाग में समझौता
नाबार्ड और ग्रामीण विकास विभाग में समझौता - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ग्रामीण महिलाओं को अपना कारोबार शुरू करने और बढ़ाने के लिए अब कम ब्याज पर आसानी से कर्ज मिल सकेगा। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने हाथ मिलाया है। दोनों संस्थाओं ने महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) को कर्ज पर ब्याज में छूट देने और महिला उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए समझौता किया है। इसके साथ ही ब्याज छूट योजना की प्रक्रिया तेज करने के लिए नया पोर्टल भी शुरू किया गया है।

बुधवार, 25 नवंबर को नई दिल्ली में ग्रामीण विकास विभाग और नाबार्ड के बीच यह समझौता हुआ। इसके तहत नाबार्ड महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए ब्याज छूट योजना और महिला उद्यम तेजी से बढ़ाने वाली निधि (WEAF) के लिए एकमात्र नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा।

इसका मतलब है कि सार्वजनिक, निजी, लघु वित्त, क्षेत्रीय ग्रामीण और सहकारी बैंकों के साथ योजनाओं के संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी नाबार्ड संभालेगा। इससे बैंकों को एक जैसी प्रक्रिया और नियमों के तहत काम करने में आसानी होगी। साथ ही कर्ज पर ब्याज छूट से जुड़े दावों का निपटारा भी तेजी से हो सकेगा।

स्वयं सहायता समूहों को 14 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज
ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों का नेटवर्क अब काफी मजबूत हो चुका है। अब सरकार का ध्यान महिलाओं को केवल आजीविका से जोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सफल उद्यमी बनाने पर भी है।

उन्होंने बताया कि अब तक स्वयं सहायता समूहों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था के जरिए 14 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज उपलब्ध कराया जा चुका है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की साहूकारों और कर्ज के दूसरे अनौपचारिक स्रोतों पर निर्भरता कम करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में सरकार का लक्ष्य स्वयं सहायता समूहों को 10 लाख करोड़ रुपये और व्यक्तिगत महिला उद्यमियों को 1 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज उपलब्ध कराने में मदद करना है।

कम ब्याज, बिना गारंटी कर्ज और जल्दी मिलेगी मदद
रोहित कंसल ने कहा कि ब्याज में छूट से महिलाओं के लिए कर्ज लेना सस्ता होगा। वहीं, कर्ज की गारंटी से जुड़ी फीस की भरपाई करने से बिना संपत्ति गिरवी रखे कर्ज देने में बैंकों का भरोसा बढ़ेगा। नए पोर्टल से ब्याज छूट की प्रक्रिया भी तेज होगी।

उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग और नाबार्ड से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए उनकी जरूरत के मुताबिक कर्ज योजनाएं तैयार करने की अपील की। साथ ही महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, कारोबार से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराने और उनकी क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया।

नाबार्ड बनेगा दोनों योजनाओं की एकमात्र नोडल एजेंसी
इस समझौते के तहत नाबार्ड दोनों योजनाओं के लिए एकमात्र नोडल एजेंसी होगा। वह बैंकों के साथ तालमेल बनाने, तकनीकी सहायता देने और योजनाओं को लागू करने में ग्रामीण विकास विभाग की मदद करेगा। नाबार्ड के अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी. ने कहा कि इस साझेदारी से नाबार्ड की संस्थागत क्षमता और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के मजबूत महिला नेटवर्क को एक साथ जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं छोटे-मोटे रोजगार से आगे बढ़कर अपना मजबूत कारोबार खड़ा कर सकेंगी।

ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव विपिन कुमार ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपनी आर्थिक अनुशासन और समय पर कर्ज चुकाने की क्षमता से बैंकिंग व्यवस्था में भरोसा बनाया है। अब जरूरत इस बात की है कि उन्हें कितनी जल्दी और कम लागत पर ज्यादा कर्ज उपलब्ध कराया जा सकता है।

महिला उद्यमियों को कारोबार बढ़ाने में मिलेगी मदद
सरकार का मानना है कि इस समझौते से महिलाओं को कर्ज मिलने की प्रक्रिया आसान होगी। बैंकों को ब्याज छूट की राशि समय पर मिलने से वे महिला समूहों को अधिक कर्ज देने के लिए प्रोत्साहित होंगे।नए पोर्टल के जरिए कर्ज और ब्याज छूट से जुड़ी जानकारी पर नजर रखी जा सकेगी। इससे सरकार को यह समझने में मदद मिलेगी कि ग्रामीण महिलाओं तक कितना कर्ज पहुंच रहा है और किन क्षेत्रों में ज्यादा सहायता की जरूरत है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य लखपति दीदियों को आगे बढ़ाकर सफल महिला उद्यमी और रोजगार देने वाली कारोबारी बनाना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की आमदनी बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन