उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच रहे हैं। इन उत्पादों में फल-सब्जी समेत उनसे तैयार होने वाले प्रसंस्कृत प्रोडक्ट्स शामिल है। बागवानी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अपर मुख्य सचिव बाबू लाल मीणा के अनुसार, प्रदेश में आलू, अंगूर, अनार, संतरा, तरबूज, मटर, आम और अमरूद जैसे उत्पादों की विदेशों में मांग पहले से काफी अधिक बढ़ी है।
निर्यात भाव के हिसाब से विभाग ने टॉप 20 बागवानी उत्पादों की सूची बनाई है, इसमें से पहले 15 उत्पादों का कुल निर्यात मूल्य 489.01 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश के उत्पाद अब केवल ताजे फल और सब्जियों तक सीमित न रहकर प्रसंस्कृत और संरक्षित उत्पादों के रूप में भी विदेशी बाजारों में पहुंच रहे हैं।
निर्यात में आलू और इसके प्रसंस्कृत उत्पादों की अहम हिस्सेदारी
आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के कुल बागवानी निर्यात में आलू और उससे तैयार होने वाले उत्पादों का सबसे बड़ा योगदान रहा है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि ताजा और कोल्ड स्टोरेज में रखे आलू का निर्यात 146.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात 103.24 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस तरह केवल इन दोनों श्रेणियों के आलू उत्पादों का कुल निर्यात मूल्य 249.27 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा, विभाग के अनुसार प्रदेश से 26.89 करोड़ रुपये के सूखे आलू तथा 14.51 करोड़ रुपये के तैयार और संरक्षित (नॉन-फ्रोजन) आलू का भी निर्यात किया गया है।
नेपाल बना यूपी के ताजे फल और आलू का सबसे बड़ा खरीदार
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, निर्यात के प्रमुख गंतव्यों में नेपाल उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों का सबसे बड़ा खरीदार बनकर सामने आया है। अपर मुख्य सचिव के मुताबिक, ताजा और शीतित आलू के कुल 146.03 करोड़ रुपये के निर्यात में से अकेले नेपाल की हिस्सेदारी 145.12 करोड़ रुपये रही। इसी तरह, ताजे अंगूर का 34.89 करोड़ रुपये का पूरा निर्यात नेपाल को ही किया गया। विभाग ने बताया कि 24.78 करोड़ रुपये के ताजे अनार के निर्यात में नेपाल का योगदान 24.75 करोड़ रुपये रहा, जबकि 20.37 करोड़ रुपये के ताजे तरबूज में से 20.35 करोड़ रुपये के उत्पाद नेपाल भेजे गए और इटली को भी इसकी आपूर्ति की गई। इसके साथ ही 21.19 करोड़ रुपये के ताजे व सूखे संतरे, 15.71 करोड़ रुपये के नींबू एवं लाइम और 26.89 करोड़ रुपये के सूखे आलू के निर्यात का प्रमुख गंतव्य भी नेपाल ही रहा।
जापान से अमेरिका तक पहुंचे प्रसंस्कृत आलू उत्पाद
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश के प्रसंस्कृत उत्पादों ने नेपाल से आगे निकलकर दुनिया के कई अन्य बाजारों में भी अपनी पहचान बनाई है। आंकड़ों के मुताबिक, आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात जापान, मलेशिया, इजरायल और इंडोनेशिया जैसे देशों में किया जा रहा है। इस श्रेणी में जापान को 44.06 करोड़ रुपये, मलेशिया को 17.43 करोड़ रुपये, इजरायल को 11.89 करोड़ रुपये और इंडोनेशिया को 11.44 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए। अधिकारियों के अनुसार, तैयार और संरक्षित (नॉन-फ्रोजन) आलू के प्रमुख खरीदार अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ब्रिटेन रहे हैं, जबकि सूखे आलू की आपूर्ति नेपाल के साथ-साथ अमेरिका और जर्मनी को भी की गई।
जर्मनी और अमेरिका को पसंद आ रहीं सूखी सब्जियां और हरी मटर
विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, आलू के अलावा यूपी की सब्जियां और मटर भी कई बड़े देशों में निर्यात की जा रही हैं। सुखाई हुई सब्जियों का कुल निर्यात 23.51 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जिसमें से जर्मनी को 19.70 करोड़ रुपये, अमेरिका को 3.05 करोड़ रुपये और नेपाल को 0.76 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए। वहीं, 18.03 करोड़ रुपये की अन्य सब्जियों और सब्जियों के मिश्रण की मांग अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और यूएई में रही। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश से 12.16 करोड़ रुपये की फ्रोजन मटर का निर्यात सऊदी अरब, नेपाल, कनाडा और यूएई में हुआ, जबकि 11.99 करोड़ रुपये की हरी मटर अमेरिका और जर्मनी समेत अन्य विदेशी बाजारों में पहुंची।
आम और अमरूद के निर्यात के साथ किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश के ताजे आम और अमरूद की मांग भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक, ताजे आम की अन्य किस्मों का निर्यात 10.53 करोड़ रुपये रहा, जिसके प्रमुख गंतव्य नेपाल के साथ ब्रिटेन, यूएई और कतर रहे। वहीं, ताजे और सूखे अमरूद का निर्यात 5.18 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जिसमें नेपाल सबसे बड़ा खरीदार रहा। अपर मुख्य सचिव बाबू लाल मीणा ने बताया कि प्रदेश को कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, गुणवत्ता, भंडारण और निर्यात सुविधाओं को मजबूत करने पर लगातार जोर दे रहे हैं।