रबी सीजन की सबसे प्रमुख फसल गेहूं की बुवाई इस साल पिछले साल के मुकाबले काफी धीमी चल रही है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब तक देश में 50.07 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक 59.10 लाख हेक्टेयर में बुवाई पूरी हो चुकी थी। इस तरह गेहूं का रकबा सालाना आधार पर 15.27 प्रतिशत कम है।
कमजोर मानसून से खेतों में नमी की कमी
जानकारों के अनुसार, इस साल गेहूं की बुवाई पिछड़ने की एक प्रमुख वजह जून से सितंबर के दौरान मानसून का सामान्य से 13 प्रतिशत कम रहना है। कम बारिश के कारण बुवाई शुरू होने से पहले खेतों में पर्याप्त नमी नहीं रह पाई। इससे किसानों को गेहूं की बुवाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलाशयों में कम पानी से सिंचाई पर असर
विशेषज्ञों ने गेहूं की बुवाई धीमी रहने की दूसरी वजह सिंचाई के लिए पानी की कम उपलब्धता बताई है। गेहूं उत्पादक प्रमुख राज्यों में जलाशयों और नहरों में पानी का स्तर सामान्य से नीचे है। गेहूं की फसल को बुवाई के बाद कई बार सिंचाई की जरूरत होती है, ऐसे में पानी की कमी भी किसानों के लिए चुनौती बनी हुई है।
केंद्रीय जल आयोग के 12 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार, देश के 178 जलाशयों में कुल लाइव स्टोरेज 163.055 अरब घन मीटर (BCM) दर्ज किया गया। जबकि इन जलाशयों की कुल अनुमानित भंडारण क्षमता 257.812 अरब घन मीटर है।
पिछले साल 336 लाख हेक्टेयर में हुई थी गेहूं की बुवाई
गेहूं की बुवाई आमतौर पर अक्टूबर-नवंबर में होती है, जबकि इसकी कटाई मार्च-अप्रैल में की जाती है। कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, फसल वर्ष 2025-26 (जुलाई-जून) में देशभर में कुल 336 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती की गई थी।
दलहन की बुवाई में भी 14.34 प्रतिशत की गिरावट
गेहूं के साथ दलहन फसलों की बुवाई भी इस साल पिछड़ी हुई है। कृषि मंत्रालय के 13 नवंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, देश में दलहन का रकबा घटकर 47 लाख हेक्टेयर रह गया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 54.87 लाख हेक्टेयर में दलहन की बुवाई हुई थी। इस तरह दलहन का रकबा भी पिछले साल के मुकाबले 14.34 प्रतिशत कम है।