विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Up Milk Production Up By 40 In 8 Years 4 Lakh Women And Subsidies Transform The Landscape With Products No

UP: 8 साल में 40% बढ़ा दूध उत्पादन, 4 लाख महिलाओं-सब्सिडी से बदली तस्वीर, 10 से ज्यादा देशों में पहुंचे उत्पाद

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 26 Nov 2026 06:17 PM IST
सार

  • उत्तर प्रदेश में आठ साल में दूध उत्पादन करीब 40 फीसदी बढ़ा।
  • 388 लाख मीट्रिक टन से अधिक उत्पादन के साथ यूपी देश में पहले स्थान पर।
  • प्रदेश की चार लाख से अधिक महिलाएं डेयरी कारोबार से जुड़ीं।
  • हेता मॉडल के तहत देशी गायों से 150 से अधिक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं

बीते आठ साल में यूपी के दूध उत्पादन में 40 फीसदी की बढ़त।
बीते आठ साल में यूपी के दूध उत्पादन में 40 फीसदी की बढ़त। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में पिछले आठ सालों के दौरान दूध उत्पादन में करीब 40 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में वर्ष 2016-17 में जहां 277 लाख मीट्रिक टन दूध का उत्पादन हुआ था, वहीं साल 2024-25 में यह बढ़कर 388 लाख मीट्रिक टन के पार पहुंच गया। उत्तर प्रदेश सरकार के मुताबिक, देश के कुल दूध उत्पादन में 16 फीसदी हिस्सेदारी के साथ प्रदेश पहले स्थान पर है। इस मामले में राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख दुग्ध उत्पादक राज्य पीछे हैं।

यूपी सरकार का कहना है कि प्रदेश में डेयरी क्षेत्र का विस्तार केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है। ग्रामीण महिलाओं को दूध के कारोबार से जोड़ने, युवाओं को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने और देशी गायों पर आधारित उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने पर भी काम किया जा रहा है।

देशी गायों के दूध से लेकर 150 से अधिक उत्पाद तैयार
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हेता (HETHA) नाम से एथिकल डेयरी मॉडल संचालित किया जा रहा है। सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस मॉडल के तहत एक हजार से अधिक देशी गायों का संरक्षण किया जा रहा है। इससे जुड़े कारोबार में करीब 100 लोगों की टीम काम कर रही है।

इस मॉडल की शुरुआत असीम रावत ने की थी। सरकार के मुताबिक, वह अमेरिका समेत कई देशों की प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनियों में 14 साल तक इंजीनियर के रूप में काम कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने देशी गायों के संरक्षण और उनसे जुड़े उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की पहल की। हेता मॉडल के तहत ए2 दूध, पारंपरिक बिलौना घी, ब्राह्मी घृत, शतधौत घृत, कुकीज, लड्डू, हर्बल चाय, त्वचा और बालों की देखभाल से जुड़े उत्पाद और गोमूत्र अर्क समेत 150 से अधिक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। सरकार के अनुसार, इनसे सालाना करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार हो रहा है।

इन उत्पादों की बिक्री भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूरोप, सिंगापुर, दुबई और मध्य-पूर्व के कई देशों में हो रही है। इस मॉडल में दूध देना बंद कर चुकीं बूढ़ी गायों के संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था भी शामिल है।

चार लाख से अधिक महिलाएं डेयरी कारोबार से जुड़ीं
प्रदेश में डेयरी कारोबार से ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के आंकड़ों के मुताबिक, चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक इस कारोबार से जुड़ी हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले दुग्ध नेटवर्क के जरिए रोजाना 13 लाख लीटर से अधिक दूध एकत्र किया जा रहा है।

मिशन के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़ी 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। दूध के संग्रह से लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच, बिक्री और भुगतान तक की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, मोबाइल एप और डिजिटल मशीनों के माध्यम से दूध की मात्रा, फैट, कीमत और भुगतान का रिकॉर्ड ऑनलाइन रखा जा रहा है। इससे महिलाओं को दूध की गुणवत्ता और उसके मूल्य की जानकारी मिलती है। साथ ही भुगतान सीधे बैंक खाते में पहुंचता है।

पांच महिला कंपनियां संभाल रहीं दूध का कारोबार
महिलाओं को संगठित बाजार उपलब्ध कराने के लिए आजीविका मिशन के तहत पांच महिला नेतृत्व वाली दुग्ध उत्पादक कंपनियां बनाई गई हैं। इनमें बुंदेलखंड की बलिनी एमपीसीएल, पूर्वांचल की काशी एमपीसीएल, अवध क्षेत्र की सामर्थ्य एमपीसीएल, गोरखपुर मंडल की श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीसीएल और तराई क्षेत्र की सृजन एमपीसीएल शामिल हैं।

इन कंपनियों के माध्यम से महिलाएं दूध संग्रह, गुणवत्ता जांच, विपणन और भुगतान की प्रक्रिया में सीधे भागीदारी कर रही हैं। मिशन के अनुसार, पहले दूध बेचने के लिए स्थानीय खरीदारों और बिचौलियों पर निर्भर रहने वाली महिलाओं को अब संगठित बाजार उपलब्ध हो रहा है। मिशन निदेशक अरुण कुमार के मुताबिक, इस व्यवस्था से महिलाओं को गांव में रहकर नियमित आमदनी का अवसर मिल रहा है। वे अपनी कमाई का इस्तेमाल परिवार की जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई और दूसरी आर्थिक जिम्मेदारियों को पूरा करने में कर रही हैं।

मिनी-नंदिनी योजना से डेयरी इकाइयां लगाने को प्रोत्साहन
उत्तर प्रदेश सरकार डेयरी कारोबार को बढ़ावा देने के लिए मिनी-नंदिनी योजना और डेयरी मास्टरप्लान के तहत भी काम कर रही है। सरकार के अनुसार, इन योजनाओं के माध्यम से दो से 25 गायों तक की डेयरी इकाइयां स्थापित करने वाले पशुपालकों को अनुदान दिया जा रहा है। वहीं, देशी गायों के पालन को बढ़ावा देने के लिए संबंधित योजना के तहत 50 फीसदी तक सब्सिडी का प्रावधान है। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के जरिए ग्रामीण युवाओं और पशुपालकों को गांव में ही डेयरी कारोबार शुरू करने के अवसर मिल रहे हैं।

पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार, प्रदेश में दूध उत्पादन में हुई बढ़ोतरी योजनाबद्ध विकास और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों का परिणाम है। सरकार पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर भी ध्यान दे रही है।


विज्ञापन
विज्ञापन