महाराष्ट्र में सूखे से प्रभावित किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए राज्य सरकार ने अब तक 4,824.24 करोड़ रुपये की सहायता राशि बांटी है। इस राशि का लाभ राज्य के 310 सूखाग्रस्त तालुकों के 96.48 लाख किसानों को मिला है। सरकार हर पात्र किसान को 5,000 रुपये की अग्रिम आर्थिक सहायता दे रही है। राज्य के राहत एवं पुनर्वास मंत्री मकरंद जाधव-पाटिल ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि सूखा राहत का लाभ किसी भी पात्र किसान से न छूटे। इसके लिए जिला प्रशासन के माध्यम से किसानों के खातों में सहायता राशि भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर तक कुल 98,21,023 किसानों को सहायता देने की मंजूरी मिल चुकी थी। इनमें से 96,48,489 किसानों को पैसा दिया जा चुका है।
किसान आईडी अधूरी होने से अटका कुछ किसानों का भुगतान
मंत्री के मुताबिक, कुछ किसानों को अभी तक सहायता राशि नहीं मिल पाई है। इसकी वजह किसान आईडी (Farmer ID) का पंजीकरण पूरा नहीं होना और कुछ तकनीकी समस्याएं हैं। प्रशासन इन समस्याओं को दूर करने के लिए काम कर रहा है, ताकि सभी पात्र किसानों तक सहायता राशि पहुंचाई जा सके।
उन्होंने किसानों से एग्रीस्टैक (AgriStack) योजना के तहत अपनी किसान आईडी का पंजीकरण जल्द पूरा कराने की अपील की। सरकार इस व्यवस्था का इस्तेमाल अलग-अलग योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए कर रही है।
छत्रपति संभाजीनगर संभाग में सबसे ज्यादा राशि बांटी गई
महाराष्ट्र के अलग-अलग संभागों में सूखा राहत राशि का वितरण किया गया है। इसमें छत्रपति संभाजीनगर संभाग सबसे आगे रहा। यहां 34.93 लाख किसानों को 1,746.96 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।वहीं, नासिक संभाग में 20.61 लाख किसानों को 1,030.89 करोड़ रुपये मिले हैं। पुणे संभाग में 16.05 लाख किसानों को 802.76 करोड़ रुपये और अमरावती संभाग में 15.83 लाख किसानों को 791.81 करोड़ रुपये बांटे गए हैं। इसके अलावा नागपुर संभाग के 8.27 लाख किसानों को 413.98 करोड़ रुपये और कोंकण संभाग के 75,678 किसानों को 37.84 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।
चरणों में जारी की जा रही है राहत राशि
मंत्री मकरंद जाधव-पाटिल ने कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में पूरी की जा रही है। जिन किसानों को पंजीकरण या अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने में परेशानी हो रही है, प्रशासन उनकी मदद करेगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि तकनीकी दिक्कतें दूर होने और किसान आईडी से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाकी पात्र किसानों को भी 5,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सूखे की मार झेल रहे किसी भी पात्र किसान को सरकारी राहत से वंचित न रहना पड़े।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।