सस्ते चावल की सप्लाई केो बढ़ाने के लिए आंध्र प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सीएम चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को घरणी ब्रांड के सस्ते चावल की बिक्री के केंद्रों की संख्या 286 से बढ़ाकर 500 करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा दिसंबर महीने के पहले हफ्ते से राशन की दुकानों के जरिए अरहर दाल और फोर्टिफाइड पाम ऑयल उपलब्ध कराने को कहा गया है।
बुधवार को सचिवालय में जरूरी वस्तुओं की कीमतों की समीक्षा बैठक के दौरान सीएम ने अधिकारियों से कहा कि महंगाई का बोझ आम लोगों पर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने अगले 18 महीनों तक बाजार की कीमतों और महंगाई पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए।
100 रुपये किलो अरहर दाल और 125 रुपये लीटर पाम ऑयल
सीएम के निर्देश के मुताबिक, दिसंबर के पहले सप्ताह से उचित मूल्य की दुकानों पर अरहर दाल 100 रुपये प्रति किलो और फोर्टिफाइड पाम ऑयल 125 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सरकार के हस्तक्षेप के बाद पिछले महीने की तुलना में चावल की चार किस्मों की कीमतों में 8 से 18 फीसदी तक गिरावट आई है। अधिकारियों के अनुसार, जय श्रीराम चावल 79 से 82 रुपये प्रति किलो, एचएमटी/आरएनआर चावल 72 से 76 रुपये, बीपीटी चावल 64 से 66 रुपये और सामान्य चावल 46 से 48 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि प्याज की कीमतों में 28 फीसदी और पाम ऑयल की कीमतों में 5 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि, अरहर दाल के दाम अब भी ऊंचे बने हुए हैं।
2.25 लाख से अधिक लोगों ने खरीदा सस्ता चावल
अधिकारियों के मुताबिक, धरणी ब्रांड के सुपर फाइन चावल की बिक्री 26 किलो के बैग में की जा रही है और इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। खुले बाजार में 76 रुपये प्रति किलो कीमत वाला केएनएम/आरएनआर चावल योजना के तहत 50 रुपये प्रति किलो में बेचा जा रहा है। वहीं, बाजार में 66 रुपये प्रति किलो कीमत वाला बीपीटी कच्चा चावल 49 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 2.25 लाख से अधिक उपभोक्ता इस योजना के तहत 59,662 क्विंटल चावल खरीद चुके हैं।
कालाबाजारी और ज्यादा कीमत वसूलने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जरूरी वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा है। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि निगरानी और विधिक माप विज्ञान विभाग की टीमों ने अब तक 1,558 निरीक्षण किए हैं। इस दौरान 1,005 मामले दर्ज किए गए और अधिक कीमत वसूलने के मामलों में 84.59 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को टोल गेट और राज्य की सीमाओं पर बने चेकपोस्ट पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि जरूरी वस्तुओं की कालाबाजारी और अवैध तरीके से आपूर्ति को रोका जा सके।
अरहर की खेती बढ़ाने पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में अरहर का उत्पादन बढ़ाने और मांग-आपूर्ति के बीच अंतर कम करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से केंद्र की ओर से आवंटित 40,300 मीट्रिक टन अरहर दाल की सप्लाई तय करने को कहा। उन्होंने किसानों को MSP के जरिए अरहर की खेती के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश भी दिया।
फसल योजना में एल नीनो और बारिश के आंकड़ों का इस्तेमाल
सीएम ने अधिकारियों को एल नीनो के संभावित असर का पहले से आकलन करने और उसके आधार पर फसल योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने इसके लिए एग्रीवॉच के आंकड़ों और बारिश के पैटर्न का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने कम अवधि में तैयार होने वाली और कम पानी की जरूरत वाली धान की किस्मों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। इसमें कृष्णा डेल्टा क्षेत्र भी शामिल है। महीन किस्मों के धान के लिए अतिरिक्त समर्थन मूल्य देने की संभावना पर भी चर्चा हुई।