केंद्र सरकार ग्रामीण इलाकों में नल से पानी पहुंचाने वाली योजनाओं को चलाने और रखरखाव के लिए एक लाख से अधिक लोगों को प्रशिक्षित करने की योजना बना रही है। इसके तहत प्रशिक्षित युवाओं को गांवों में नल-जल योजनाओं से जुड़ी छोटी-मोटी तकनीकी समस्याओं को ठीक करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य करीब 16 करोड़ ग्रामीण परिवारों तक पहुंची नल जलापूर्ति व्यवस्था को लंबे समय तक सुचारु बनाए रखना है।
इस कार्यक्रम के लिए जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (DDWS) और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGT) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस योजना पर 111.93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कार्यक्रम जल जीवन मिशन 2.0 के तहत शुरू किया जा रहा है।
दिल्ली में हुआ दोनों विभागों के बीच समझौता
सरकारी जानकारी के मुताबिक, समझौते पर दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अशोक केके मीणा ने कहा कि करीब 16 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल से पानी की सुविधा से जोड़ने के बाद अब प्राथमिकता इन व्यवस्थाओं के संचालन और रखरखाव के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि गांवों और आसपास के क्षेत्रों में समय पर तकनीकी सहायता उपलब्ध होना जरूरी है, ताकि पानी की आपूर्ति से जुड़ी रोजमर्रा की समस्याओं को बाहरी एजेंसियों पर निर्भर हुए बिना जल्द ठीक किया जा सके।
आईटीआई और प्रशिक्षण संस्थानों की मदद से तैयार होंगे प्रशिक्षित युवा
इस कार्यक्रम के तहत देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTI) के मौजूदा नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण पाइपलाइन जलापूर्ति व्यवस्था की देखरेख के लिए प्रशिक्षित और प्रमाणित लोगों का समूह तैयार करना है। विभाग के अनुसार, प्रशिक्षण में कक्षा में पढ़ाई के साथ गांवों में चल रही जलापूर्ति योजनाओं पर व्यावहारिक अनुभव भी दिया जाएगा। अशोक मीणा ने कहा कि इस व्यवस्था से ऐसे प्रशिक्षित युवा तैयार होंगे, जो जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और रखरखाव में मदद कर सकेंगे।
165 घंटे का होगा प्रशिक्षण, प्लंबिंग और पंप की मरम्मत भी सीखेंगे
समझौते के तहत एक लाख लोगों को प्रशिक्षण और प्रमाणन देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 111.93 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण की कुल अवधि 165 घंटे होगी, जिसमें संस्थान में प्रशिक्षण के साथ काम के दौरान व्यावहारिक प्रशिक्षण भी शामिल रहेगा। प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्लंबिंग, पानी के वितरण की व्यवस्था, पंप और मोटर, बिजली से जुड़े बुनियादी काम, पानी की गुणवत्ता की निगरानी और नियमित संचालन एवं रखरखाव जैसे विषय शामिल हैं। सरकारी आईटीआई और एनएसटीआई में फिटर और प्लंबर ट्रेड के शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (CTS) के वर्तमान और पूर्व प्रशिक्षुओं के लिए इस प्रशिक्षण में शामिल होना वैकल्पिक रखा गया है।
गांवों में उपलब्ध होंगे नल जल मित्र
प्रशिक्षण पूरा करने वाले और प्रमाणित उम्मीदवारों का जिला और ग्राम पंचायत स्तर पर डेटाबेस तैयार किया जाएगा। इन्हें 'नल जल मित्र' नाम दिया गया है। इस डेटाबेस की मदद से राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी जरूरत के अनुसार इन प्रशिक्षित लोगों को काम पर लगा सकेंगे। सरकार की योजना है कि गांवों में ही तकनीकी सहायता उपलब्ध हो, जिससे नल-जल योजनाओं में आने वाली सामान्य खराबियों को ठीक करने के लिए बार-बार बाहरी एजेंसियों पर निर्भर न रहना पड़े।