विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Nfhs Urban Men Face A Higher Risk Of Death Compared To Those In Rural Areas A 26 3 Greater Risk When Account

NFHS: गांव से ज्यादा शहरी पुरुषों में मृत्यु का जोखिम, समान सामाजिक-आर्थिक- सेहत में 26.3% अधिक खतरा, जानें...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 26 Nov 2026 07:14 PM IST
सार

  • नए अध्ययन में ग्रामीण और शहरी पुरुषों की मृत्यु के जोखिम को लेकर सामने आए चौंकाने वाले नतीजे।
  • समान सामाजिक-आर्थिक स्थिति वाले शहरी पुरुषों में मृत्यु का जोखिम 26.3 फीसदी अधिक।
  • NFHS के तीन सर्वेक्षणों के आंकड़ों के विश्लेषण में दिखा एक जैसा पैटर्न।
  • महिलाओं के मामले में शहरी और ग्रामीण आबादी के बीच ऐसा स्पष्ट अंतर नहीं मिला।
  • शोधकर्ताओं ने कहा, अध्ययन से शहरों में रहने को मृत्यु के बढ़ते जोखिम की वजह साबित नहीं किया जा सकता।

गांव से ज्यादा शहरी पुरुषों में मृत्यु का जोखिम
गांव से ज्यादा शहरी पुरुषों में मृत्यु का जोखिम - फोटो : स्टॉक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में आमतौर पर माना जाता है कि शहरों में रहने वाले लोगों की सेहत ग्रामीण आबादी से बेहतर होती है। लेकिन एक नए अध्ययन में सामने आया है कि समान आर्थिक और सामाजिक पृष्ठभूमि वाले पुरुषों की तुलना करने पर शहरों में रहने वाले पुरुषों में मृत्यु का जोखिम ग्रामीण पुरुषों के मुकाबले अधिक पाया गया है।

डेमोग्राफिक रिसर्च जर्नल में छपी इस अध्ययन के मुताबिक, 2019-21 के राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS) के आंकड़ों के शुरुआती विश्लेषण में शहरी पुरुषों में ग्रामीण पुरुषों की तुलना में मृत्यु का जोखिम 8.5 प्रतिशत कम दिखाई दिया। लेकिन जब शोधकर्ताओं ने परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक पृष्ठभूमि और राज्य के आधार पर समान स्थिति वाले पुरुषों की तुलना की, तो नतीजे बदल गए। इस तुलना में शहरी पुरुषों में मृत्यु का जोखिम ग्रामीण पुरुषों के मुकाबले 26.3 प्रतिशत अधिक पाया गया।

यह अध्ययन जर्मनी के मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर डेमोग्राफिक रिसर्च के मोराध्वज धाकड़ और मुंबई स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर पॉपुलेशन साइंसेज (IIPS) की नंदिता सैकिया ने किया है।

सामाजिक और आर्थिक सेहत को ध्यान में रखने पर बदले नतीजे
शोधकर्ताओं ने 15 से 59 वर्ष की उम्र के पुरुषों के आंकड़ों का विश्लेषण किया। अध्ययन में मृत्यु जोखिम (Mortality Hazard) का मतलब किसी व्यक्ति की किसी भी समय मृत्यु होने की दर से है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, जब शहरी और ग्रामीण पुरुषों की बिना सामाजिक-आर्थिक अंतर को ध्यान में रखे तुलना की गई, तो शहरों में रहने वाले पुरुषों का मृत्यु जोखिम कम दिखाई दिया। लेकिन समान घरेलू संपत्ति, सामाजिक पृष्ठभूमि और एक ही राज्य के पुरुषों की तुलना करने पर शहरी पुरुषों में यह जोखिम 26.3 प्रतिशत अधिक मिला।

अध्ययन के अनुसार, शहरी परिवारों की अपेक्षाकृत बेहतर आर्थिक स्थिति शुरुआती आंकड़ों में शहरी पुरुषों के मृत्यु जोखिम को कम दिखा सकती है। समान आर्थिक और सामाजिक पृष्ठभूमि वाले पुरुषों की तुलना करने पर यह अंतर उलट जाता है।

दो दशक के आंकड़ों में भी दिखा यही पैटर्न
इस अध्ययन में एनएफएचएस के तीन दौरों 1998-99, 2015-16 और 2019-21 के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया। इसका उद्देश्य करीब दो दशकों के दौरान भारत में वयस्कों की मृत्यु से जुड़ी सामाजिक और आर्थिक असमानताओं का अध्ययन करना था। शोधकर्ताओं के मुताबिक, तीनों सर्वेक्षणों में सामाजिक-आर्थिक अंतर को ध्यान में रखने के बाद शहरी पुरुषों में मृत्यु का जोखिम ग्रामीण पुरुषों से अधिक पाया गया। 1998-99 के सर्वेक्षण में शुरुआती तुलना के दौरान शहरी पुरुषों में मृत्यु का जोखिम ग्रामीण पुरुषों से 13.9 प्रतिशत कम था। लेकिन सामाजिक और आर्थिक स्थिति के आधार पर समायोजन करने के बाद शहरी पुरुषों में यह जोखिम 29 प्रतिशत अधिक पाया गया।

वहीं, 2015-16 के सर्वेक्षण में भी समान आधार पर तुलना करने के बाद शहरी पुरुषों में मृत्यु का जोखिम 27.8 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया। शोधकर्ताओं के अनुसार, तीनों सर्वेक्षणों में यह अंतर सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण रहा।

महिलाओं के मामले में नहीं मिला ऐसा साफ अंतर
अध्ययन में महिलाओं के आंकड़ों का भी विश्लेषण किया गया। तीनों एनएफएचएस सर्वेक्षणों में शुरुआती तुलना के दौरान शहरी महिलाओं में ग्रामीण महिलाओं की तुलना में मृत्यु का जोखिम कम पाया गया। हालांकि, जब परिवार की आर्थिक सेहत, सामाजिक पृष्ठभूमि और राज्य के अंतर को ध्यान में रखकर तुलना की गई, तो शहरी और ग्रामीण महिलाओं के बीच मृत्यु जोखिम का अंतर सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण नहीं रहा।

अध्ययन ने मृत्यु के अधिक जोखिम की वजह साफ नहीं की
शोधकर्ताओं ने यह भी साफ किया है कि अध्ययन से यह पता नहीं चलता कि समान सामाजिक-आर्थिक स्थिति वाले शहरी पुरुषों में मृत्यु का जोखिम अधिक क्यों है। अध्ययन में मृत व्यक्तियों के बारे में सीमित जानकारी उपलब्ध होने के कारण शिक्षा, रोजगार की स्थिति, नशे की आदत, खानपान और नींद जैसे कई कारकों को शामिल नहीं किया जा सका। शोधकर्ताओं के मुताबिक, ये सभी कारक मृत्यु के जोखिम को प्रभावित कर सकते हैं।

इसके अलावा, अध्ययन में परिवार की आर्थिक स्थिति मापने के लिए एनएफएचएस के वेल्थ इंडेक्स का इस्तेमाल किया गया है। यह इंडेक्स परिवार की आय के बजाय उसकी संपत्ति और रहने की परिस्थितियों पर आधारित है। अध्ययन में परिवार के सदस्यों की ओर से पहले हुई मौतों की जानकारी भी इस्तेमाल की गई है। इसलिए मृतकों की जानकारी दर्ज करने में कमी या गलतियां होने की आशंका बनी रहती है। शोधकर्ताओं ने साफ किया है कि इन निष्कर्षों से यह साबित नहीं होता कि शहरों में रहने से ही मृत्यु का जोखिम बढ़ जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन