विज्ञापन
Home Khabar Junction Up Gaushala Hubs For Cow Tourism Venues For Events Like Weddings Employment Avenues To Open For Villagers

UP: गोशालाएं बनेंगी गो-पर्यटन का केंद्र, शादी जैसे कार्यक्रम होंगे, ग्रामीणों के लिए खुलेंगे रोजगार के रास्ते

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 21 Sep 2026 04:23 PM IST
सार

  • यूपी सरकार प्रदेश की चयनित गोशालाओं, कान्हा हाउस और गो-संरक्षण केंद्रों को पर्यटन से जोड़ने जा रही है।
  • गोशालाओं को सिर्फ पशु संरक्षण तक सीमित न रखकर, वहां पारंपरिक, मांगलिक कार्यक्रमों और लोक संस्कृति के आयोजन की व्यवस्था की जाएगी।

 

गोशालाओं को गो पर्यटन से जोड़ेगी यूपी सरकार।
गोशालाओं को गो पर्यटन से जोड़ेगी यूपी सरकार। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में गोशावाएं पशु संरक्षण से आगे बढ़कर ग्रामीण पहचान और अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेंगी। प्रदेश सरकार के विजन के तहत चयनित गोशालाओं, कान्हा हाउस और बड़े गो-संरक्षण केंद्रों को गो-पर्यटन से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। सरकार के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य गांवों में आर्थिक गतिविधियों के नए रास्ते तलाशना और बाहरी लोगों को ग्रामीण जीवनशैली से रूबरू कराना है।

मांगलिक कार्यक्रमों और स्थानीय संस्कृति से जुड़ेंगी गोशालाएं
उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता के अनुसार, गोशालाओं के इस प्रस्तावित नए स्वरूप में संरक्षण के साथ पर्यटन और स्थानीय गतिविधियों को भी शामिल किया जाएगा। इसके तहत चयनित गोशालाओं में मांगलिक और पारंपरिक कार्यक्रमों के आयोजन की व्यवस्था विकसित करने की तैयारी है। इससे गोशालाओं का उपयोग दैनिक गो-संरक्षण गतिविधियों से आगे बढ़कर सामाजिक आयोजनों तक विस्तृत हो सकेगा।

सरकार की योजना के अनुसार, गो-पर्यटन का मॉडल हर जगह एक जैसा नहीं होगा। जिस क्षेत्र की जो विशेषता होगी, उसी के अनुरूप गोशाला को विकसित किया जाएगा। इन केंद्रों पर क्षेत्र की लोक संस्कृति, स्थानीय खान-पान, कला और शिल्प को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

स्थानीय लोगों और कारीगरों के लिए रोजगार के नए अवसर
गो-पर्यटन विकसित होने से इसका फायदा केवल गोशाला परिसर तक सीमित नहीं रहेगा। आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने बताया कि इस पहल से आसपास के ग्रामीणों, स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों, छोटे कारोबारियों और खान-पान से जुड़े लोगों के लिए भी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय उत्पादों की मांग में वृद्धि होने की संभावना है। इस मॉडल के जरिए गांव की स्थानीय अर्थव्यवस्था को सीधे गोशालाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन आधारित गतिविधियों का एक नया आधार तैयार हो सके।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर तैयार हुई रणनीति
उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष के अनुसार, इस पूरी पहल का मुख्य उद्देश्य गोशालाओं को गांव की सामाजिक और सांस्कृतिक संरचना से जोड़ना है। सरकार के अनुसार, प्रयास यह है कि गांव आने वाला व्यक्ति केवल गोशाला देखने तक सीमित न रहे, बल्कि वहां की परंपरा और ग्रामीण जीवन का भी अनुभव कर सके। यदि गोशालाओं को व्यवस्थित ढंग से विकसित किया जाता है, तो आने वाले समय में ये केंद्र ग्रामीण पर्यटन के नए पड़ाव और गांव की विशिष्ट पहचान बन सकते हैं।


विज्ञापन
विज्ञापन