विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Up Escorts Kubota To Set Up A New Plant Near Jewar Airport 60 000 Tractors To Be Manufactured Annually Here

UP: जेवर एयरपोर्ट के पास नया प्लांट लगाएगी एस्कॉर्ट्स कुबोटा, हर साल बनेंगे 60 हजार ट्रैक्टर, आगे का प्लान...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 16 Nov 2026 07:57 PM IST
सार

  • एस्कॉर्ट्स कुबोटा जेवर एयरपोर्ट के पास नया ट्रैक्टर कारखाना लगाएगी, अगले वित्त वर्ष से निर्माण शुरू होगा।
  • नए प्लांट की शुरुआती उत्पादन क्षमता 60,000 ट्रैक्टर सालाना होगी, जिसे बढ़ाकर एक लाख यूनिट किया जा सकेगा।
  • मौजूदा ट्रैक्टर कारखाने 80-85 प्रतिशत क्षमता पर काम कर रहे हैं, पीक सीजन में यह 90 प्रतिशत तक पहुंच जाती है।

2027-28 में नया ट्रैक्टर कारखाना स्थापित करने की तैयारी में एस्कॉर्ट्स कुबोटा
2027-28 में नया ट्रैक्टर कारखाना स्थापित करने की तैयारी में एस्कॉर्ट्स कुबोटा - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एस्कॉर्ट्स कुबोटा अगले वित्त वर्ष (2027-28) की शुरुआत में उत्तर प्रदेश में एक नया ट्रैक्टर कारखाना लगाने की योजना बना रही है। कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) भरत मदान ने समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में बताया कि जेवर एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित इस नए प्लांट की शुरुआती क्षमता 60,000 ट्रैक्टर प्रति वर्ष होगी, जिसे आगे बढ़ाकर एक लाख यूनिट तक किया जा सकेगा। उनके अनुसार, भविष्य के विकास के अवसरों को भुनाने के लिए कंपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की तैयारी कर रही है और इस प्लांट के निर्माण में करीब दो से ढाई साल का समय लगने की उम्मीद है।

मौजूदा कारखाने पूरी क्षमता के करीब कर रहे हैं काम
सीएफओ भरत मदान के अनुसार, क्षमता विस्तार का यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब कंपनी का ट्रैक्टर कारोबार फिलहाल 80 से 85 प्रतिशत की औसत क्षमता पर चल रहा है और पीक सीजन वाली तिमाही में उत्पादन क्षमता का उपयोग लगभग 90 प्रतिशत तक पहुंच जाता है। उन्होंने बताया कि अगले साल पहले चरण में 60,000 ट्रैक्टरों के लिए व्यावसायिक निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

निर्माण उपकरण और कृषि मशीनों के कारोबार में जबरदस्त उछाल
प्रस्तावित कारखाने के साथ ही एस्कॉर्ट्स कुबोटा को ट्रैक्टर के अलावा अन्य कारोबार, खासकर निर्माण उपकरण (कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट) और कृषि मशीनीकरण के अन्य उत्पादों में भी उत्साहजनक बढ़त मिल रही है। मदान ने बताया कि सितंबर तिमाही में निर्माण उपकरणों की बिक्री मात्रा में 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि हार्वेस्टर और ट्रांसप्लांटर के कारोबार में 20 से 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा, साल के दौरान कंपनी के इंजन कारोबार ने भी दोहरे अंकों में बढ़ोतरी हासिल की और पुर्जों व सेवाओं से जुड़ा कारोबार भी अच्छा रहा।

खराब मानसून और अल नीनो से ट्रैक्टर की मांग पर अस्थायी असर
मदान के मुताबिक, जहां अन्य क्षेत्रों ने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है, वहीं असमान मानसून, अल नीनो के प्रभाव और बढ़ती लागत के कारण ट्रैक्टर कारोबार को फिलहाल मांग के मोर्चे पर कुछ दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे कई धान उत्पादक राज्यों में पानी की कमी से मांग की संभावनाओं पर असर पड़ा है, जबकि झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी दबाव बने रहने की उम्मीद है।

अगले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही से सुधार की उम्मीद
सीएफओ भरत मदान ने उम्मीद जताई कि यदि अगले साल मानसून सामान्य रहता है, तो अगले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2027) से ट्रैक्टर की मांग में सुधार शुरू हो जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में चौथी तिमाही से सुधार दिखने की संभावना है और अगले साल मुनाफे का स्तर (मार्जिन) भी सामान्य स्थिति में लौटने की उम्मीद है।


विज्ञापन
विज्ञापन