प्रमुख ट्रैक्टर निर्माता कंपनियों में शामिल कुबोटा (Kubota) ने BX90 सीरीज के तहत पांच नए ट्रैक्टर लॉन्च किए हैं। ये सभी ट्रैक्टर सब-कॉम्पैक्ट श्रेणी के हैं। इस श्रेणी में ट्रैक्टरों का वजन और आकार छोटा होता है। आमतौर पर 20 से 25 एचपी वाले ट्रैक्टर इसी श्रेणी में रखे जाते हैं।
इन पांच ट्रैक्टरों में BX2190, BX2390 Deluxe, BX2690 Premium शामिल है। वहीं, बैकहो के साथ दो अन्य ट्रैक्टर BX2390S और BX2690S Premium नाम के साथ आते हैं। बता दें कि बैकहो एक उपकरण है, जो ट्रैक्टर के साथ जुड़ जाता है और खुदाई जैसे काम करता है।
इंजन की दमदार पावर और उन्नत फीचर्स
कंपनी के अनुसार, इस सीरीज के अलग-अलग मॉडलों में 19.3 से 23.9 हॉर्स पावर तक की क्षमता है। BX2190 मॉडल 19.3 HP और BX2390 Deluxe मॉडल 21.6 HP की क्षमता के साथ आता है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल वाला पीटीओ, 3-पॉइंट हिच पोजीशन कंट्रोल, टेलिस्कोपिक स्टेबलाइजर और नए मॉवर डेक-हाइट एडजस्टमेंट जैसे खास फीचर्स हैं। इसके अलावा सीरीज के सबसे दमदार मॉडल BX2690 Premium में 23.9 HP की पावर, इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल वाला इंजन, प्रोग्रामेबल इंजन-स्पीड सेटिंग, फुल-कलर LCD डिस्प्ले और जॉयस्टिक से जुड़ा थ्रॉटल-अप फीचर दिया गया है।
लोडर और मॉवर सिस्टम में खास सुधार
कंपनी के मुताबिक, नई सीरीज में LA355 और LA405 नाम के नए लोडर पेश किए गए हैं, जिनकी वजन उठाने की क्षमता क्रमशः 327.04 किलो और 410.05 किलो है। BX2390 और BX2690 मॉडल में हाइड्रोलिक फ्लो और प्रेशर को बढ़ाया गया है, जिससे कम इंजन स्पीड पर भी काम काफी तेजी से होता है। इसके साथ ही मजबूती के लिए वेल्डेड-स्टील से बने 54 और 60 इंच के नए मॉवर डेक दिए गए हैं। इनमें स्विफ्ट-माउंट ऑटो कपलिंग ड्राइवलाइन की सुविधा है, जो ट्रैक्टर के मॉवर डेक के ऊपर से गुजरने पर खुद ही कनेक्ट हो जाती है। ट्रैक्टर को आगे-पीछे करने में आसानी हो, इसके लिए इसमें साइड-बाय-साइड HST पैडल का इस्तेमाल किया गया है।
बैकहो वाले मॉडल और बाजार में उपलब्धता
कंपनी के अनुसार, BX90 सीरीज में खुदाई के काम आने वाले बैकहो के साथ BX2390S और BX2690S Premium मॉडल भी शामिल किए गए हैं। इन मॉडलों में नया BT604 बैकहो, अलग फ्लिप-अप सीट और ऑटोमैटिक स्टेबलाइजर लॉक की सुविधा मिलती है। कंपनी ने बताया है कि कुबोटा BX90 सीरीज के ये सभी नए ट्रैक्टर साल 2027 की शुरुआत से डीलरशिप पर ग्राहकों के लिए उपलब्ध होने की उम्मीद है।