Home›Khabar Junction›
Tomorrow Weather Rain Alert 18 States Heat Humidity Increase Delhi Ncr Up Will Remain Like This
कल का मौसम : 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में बढ़ेगी गर्मी और उमस, UP का रहेगा ऐसा हाल
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Mon, 21 Sep 2026 07:51 PM IST
सार
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के असर से 22 सितंबर को 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अनुमान है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
देश में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है। कई राज्यों में बारिश कम होने के बाद गर्मी और उमस बढ़ने लगी है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम अगले 48 घंटे में और मजबूत हो सकता है।आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, 22 सितंबर को देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश हो सकती है। कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में बारिश की संभावना नहीं
दिल्ली-NCR में फिलहाल बारिश से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम साफ रहने और धूप निकलने से गर्मी के साथ उमस बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 26 सितंबर तक दिल्ली में आसमान में बादल आते-जाते रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। 22 सितंबर को दिल्ली में मौसम साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
यूपी में 22 सितंबर को मौसम रहेगा शुष्क
उत्तर प्रदेश में भी मानसून का असर कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। राज्य में इस दिन बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि, 23 सितंबर के बाद कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बन रही है।
बिहार में हल्की बारिश के आसार
बिहार में भी बारिश की गतिविधियां कम हो रही हैं। इसके बावजूद कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 सितंबर को बिहार में छिटपुट बारिश का अनुमान है। इस दिन तेज हवा, आंधी या भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। 23 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर के कारण पश्चिम बंगाल में बारिश बढ़ने की संभावना है। दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में 22 सितंबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट है। दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर के तटीय इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वहीं, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में भी भारी बारिश हो सकती है।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी बारिश
लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से ओडिशा और छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश होने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में भी कई इलाकों में बारिश की संभावना है। 23 सितंबर को ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
तमिलनाडु के 21 जिलों में भारी बारिश
तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। नीलगिरि, कोयंबटूर, धर्मपुरी, कृष्णागिरि, डिंडीगुल, पुदुक्कोट्टई, तिरुवरूर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, पेरम्बलुर, अरियालुर, कल्लाकुरिची, विल्लुपुरम और तिरुवन्नामलाई समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। शिवगंगा, तंजावुर, मदुरै, कुड्डालोर, तिरुपत्तूर, वेल्लोर और तिरुचिरापल्ली में भी बारिश की संभावना है। तेज बारिश के दौरान निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में भी बारिश का अनुमान
भारी बारिश : ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, गोवा, कर्नाटक और केरल।
मध्यम बारिश : महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना।
हल्की बारिश : बिहार, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, लक्षद्वीप और उत्तर प्रदेश।
अगले 48 घंटे अहम
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया अगले 48 घंटे में और मजबूत हो सकता है। इसके असर से पूर्वी और आसपास के मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में 22 और 23 सितंबर को कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।