विज्ञापन
Home Khabar Junction No One Can Compromise Farmers Interests As Long As Modi Is Pm Shivraj Chouhan

FTA में अन्नदाता के हितों से कोई समझौता नहीं: किसानों को नुकसान नहीं होने देंगे, कृषि मंत्री शिवराज का बयान

गांव जंक्शन डेस्क, बठिंडा Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 21 Sep 2026 07:51 PM IST
सार

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जब तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, तब तक दुनिया की कोई ताकत पंजाब और देश के किसानों के हितों से समझौता नहीं कर सकती। उन्होंने यह बात मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) को लेकर किसानों के हित प्रभावित होने की आशंकाओं के बीच कही है। जानिए, विस्तार से....

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री रहते पंजाब और देश के किसानों के हितों से समझौता नहीं होगा। चौहान ने कहा है कि जब तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, तब तक दुनिया की कोई ताकत पंजाब और देश के किसानों के हितों से समझौता नहीं कर सकती। उन्होंने यह बात मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) को लेकर किसानों के हित प्रभावित होने की आशंकाओं के बीच कही है।

चौहान सोमवार को बठिंडा के तलवंडी साबो में भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के चौथे चरण को रवाना करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल एफटीए को लेकर किसानों के हितों को नुकसान पहुंचने की बातें कर रहे हैं, लेकिन किसानों और खेती के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं।

पंजाब की खेती और किसानों को बचाने की बात
चौहान ने कहा कि पंजाब को बचाना है और पंजाब की खेती को भी बचाना है। किसानों की स्थिति सुधारने के साथ राज्य में उद्योग और कारोबार वापस लाने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे से बाहर निकालना भी जरूरी है। चौहान ने कहा कि वह अपनी अगली पंजाब यात्रा के दौरान राज्य की कृषि के लिए रोडमैप पर चर्चा करेंगे।

फसल बीमा योजना को लेकर AAP सरकार पर निशाना
केंद्रीय मंत्री ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर यह योजना लागू होती तो फसल खराब होने पर किसानों को पूरा मुआवजा मिल सकता था।

‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का चौथा चरण शुरू
चौहान ने तलवंडी साबो से भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के चौथे चरण को रवाना किया। इस मौके पर पंजाब भाजपा के नेता भी मौजूद रहे। यात्रा का उद्देश्य पंजाब में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाना है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पार्टी पंजाब से नशा खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। 

चौहान ने आम आदमी पार्टी सरकार पर लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा ही राज्य को इस स्थिति से बाहर निकाल सकती है। उन्होंने लोगों से भाजपा को सत्ता में लाने की अपील भी की, ताकि बच्चों को नशे से बचाया जा सके और पंजाब को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके।

कानून-व्यवस्था और नशे को लेकर AAP पर आरोप
पूर्व पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अमृतसर में दो दिन पहले एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) की हत्या का जिक्र करते हुए पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार के दौरान राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है और गैंगस्टर बेखौफ हैं। जाखड़ ने कहा कि सत्ता में आने से पहले AAP ने पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन उनके अनुसार स्थिति इसके उलट है।

भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बादल ने भी पंजाब से नशे के नेटवर्क को खत्म करने का संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने राज्य सरकार पर हर मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर पंजाब की मुश्किलें दूर करने और अर्थव्यवस्था मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन