देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बंगाल की खाड़ी में नया तूफानी सिस्टम सक्रिय होने से देश के अलग-अलग राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम के रविवार तक चक्रवाती तूफान में बदलने के आसार हैं। वहीं, चक्रवात ‘अर्नब’ का असर भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
इसे देखते हुए कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
यूपी में गिरेगा तापमान, बिहार में पांच नवंबर तक बारिश
उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद अब मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आज और कल पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से छिटपुट बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, राज्य में भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है। सुबह और शाम के समय तापमान गिरने से हल्की ठंड महसूस हो सकती है। बिहार में आज से पांच नवंबर तक कुछ इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, यहां भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बंगाल और झारखंड में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
झारखंड के कई जिलों में आज बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के भी कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में आज से चार नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, विदर्भ के कुछ इलाकों में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा है। राजस्थान में फिलहाल भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। दक्षिण भारत में भी बारिश का असर दिखेगा। केरल और माहे में आज से चार नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में छह नवंबर तक बारिश के आसार हैं। वहीं, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक और तटीय कर्नाटक में कल से पांच नवंबर तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदल सकता है। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भी दो नवंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।