एस्कॉर्ट्स कुबोटा (Escorts Kubota) कंपनी ने ट्रैक्टर की कीमतों (Tractor Prices) में बढ़ोतरी का एलान किया है। यह बढ़त कंपनी के तीनों ब्रांड- फार्मट्रैक, पॉवरट्रैक और कुबोटा ट्रैक्टर पर नवंबर महीने से लागू होगी। ऐसे में त्योहारी सीजन के बाद इन ब्रांड्स का ट्रैक्टर खरीदने के लिए किसानों को ज्यादा निवेश करना होगा। बता दें कि कीमतों में हुई इस बढ़त के पीछे कंपनी ने लागत में आई तेजी का हवाला दिया है।
मॉडल और राज्य के हिसाब से तय होंगे नए दाम
ट्रैक्टरों की कीमत में होने वाली यह बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल, प्रकार और राज्यों के अनुसार अलग-अलग होगी। कंपनी के अनुसार, किसान और ग्राहक अपने नजदीकी अधिकृत डीलरशिप से बढ़ी हुई नई कीमतों की पूरी जानकारी ले सकेंगे। यह एलान ऐसे समय में सामने आया है, जब ऊर्जा, कच्चे माल और माल ढुलाई के महंगे होने से कई क्षेत्रों की कंपनियों को लागत के भारी दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
बाजार में उतारे गए कई नए मॉडल
दूसरी तरफ एस्कॉर्ट्स कुबोटा बाजार में अपने ट्रैक्टरों की रेंज को बढ़ाने में लगा हुआ है। कंपनी की नई पेशकशों में फार्मट्रैक प्रोमैक्स (PROMAXX) सीरीज, पॉवरट्रैक शौर्य (Shaurya) सीरीज और डिजट्रैक (Digitrac) की एक बड़ी रेंज शामिल है। इसके अलावा कुबोटा की रेंज को भी नियोस्टार (NeoStar) और एमयू (MU) सीरीज के साथ विस्तार दिया गया है । कंपनी के अनुसार, इन नए ट्रैक्टरों को लाने और डीलर नेटवर्क को बढ़ाने का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी अलग-अलग कृषि जरूरतों के हिसाब से सही ट्रैक्टर चुनने के लिए ज्यादा से ज्यादा विकल्प देना है।