केरल के वायनाड जिले के दो किसानों को फसल विविधता और पारंपरिक बीजों के संरक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। दोनों किसानों को नई दिल्ली स्थित पौधा किस्म एवं किसान अधिकार संरक्षण प्राधिकरण (PPV&FRA) की ओर से प्लांट जीनोम संरक्षक पुरस्कार और सम्मान दिया गया है। केरल कृषि विश्वविद्यालय ने इन किसानों के काम को दर्ज करने और उन्हें सम्मान के लिए आगे बढ़ाने में मदद की।
इनमें किसान बाबू एन.के. को वर्ष 2023-24 के लिए प्लांट जीनोम संरक्षक किसान पुरस्कार दिया गया। उन्हें 1.50 लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न मिला। वहीं, सूरज सी.एस. को वर्ष 2024-25 के लिए प्लांट जीनोम संरक्षक किसान सम्मान से नवाजा गया। उन्हें एक लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न दिया गया।
चार एकड़ में बचा रहे फसलों की पारंपरिक किस्में
वायनाड के किसान बाबू एन.के. अपने चार एकड़ के खेत में पारंपरिक और कम प्रचलित फसलों की कई किस्मों को संरक्षित कर रहे हैं। उनके पास केले की 39, जड़ वाली फसलों की 11, अरबी की नौ, अदरक की छह और हल्दी की चार किस्में हैं। इसके अलावा जिमीकंद की तीन किस्मों के साथ कई तरह के रतालू, अरारोट, कसावा, आम, कटहल, पैशन फ्रूट, सुपारी, नारियल, इलायची, काली मिर्च और कॉफी की किस्में भी मौजूद हैं।
बाबू ने शोध के लिए जिमीकंद के कुछ किस्मों के नमूने ICAR-केंद्रीय कंद फसल अनुसंधान संस्थान को भी दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने केरल कृषि विश्वविद्यालय के बीज जीन बैंक को बीज और कंद उपलब्ध कराए हैं। इससे इन पारंपरिक किस्मों को सुरक्षित रखने और उन पर शोध करने में मदद मिल रही है।
670 किस्मों का खजाना संभाल रहे सूरज
दूसरे किसान सूरज सी.एस. भी फसल विविधता को बचाने में अहम योगदान दे रहे हैं। उनके पास 670 अलग-अलग किस्मों और आनुवंशिक संसाधनों का संग्रह है। इसमें टमाटर की 104, बैंगन की 23, केले की 32 और धान की 15 किस्में शामिल हैं। इसके अलावा उनके पास मिर्च के 36, कंद वाली फसलों के 17, औषधीय पौधों के 55 और जंगली खाद्य पत्तेदार पौधों के 58 नमूने मौजूद हैं। उनके संग्रह में कई अन्य सब्जियों, फलों, मसालों और सजावटी पौधों की किस्में भी शामिल हैं।
सूरज ने पत्तेदार सब्जियों और मसालों के बीज एवं पौध सामग्री के नमूने केरल कृषि विश्वविद्यालय को दिए हैं। इन पर पोषण संबंधी गुणों और अन्य विशेषताओं का अध्ययन किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने मिर्च, टमाटर और बैंगन की किस्में भी शोध के लिए कृषि विश्वविद्यालय के पादप आनुवंशिकी एवं प्रजनन विभाग को उपलब्ध कराई हैं।
नई दिल्ली में दिया गया सम्मान
दोनों किसानों को 12 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी.के. मिश्रा ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किए। यह सम्मान उन किसानों को दिया जाता है, जो पारंपरिक फसल किस्मों और पौधों की आनुवंशिक विविधता को बचाने में उल्लेखनीय योगदान देते हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।