विज्ञापन
Home› Khabar Junction› The Advent Of Ai And Genome Editing In Fish Farming Scientists From Around The World Gather In India Precisi

मत्स्य क्षेत्र में AI-जीन एडिटिंग पर मंथन : भारत में जुटे 6 देशों के वैज्ञानिक, शोध किसानों तक पहुंचाने पर जोर

गांव जंक्शन डेस्क, भुवनेश्वर Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 19 Nov 2026 03:26 PM IST
सार

  • भुवनेश्वर में 18 से 20 नवंबर तक 14वां इंडियन फिशरीज एंड एक्वाकल्चर फोरम आयोजित किया जा रहा है।
  • सम्मेलन में भारत समेत सात देशों के 1,000 से ज्यादा प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
  • AI, जीनोम एडिटिंग और सटीक जलीय कृषि जैसी आधुनिक तकनीकों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।
  • मछली पालन में शोध को किसानों तक पहुंचाने, बेहतर चारा विकसित करने और मछलियों की नस्ल सुधारने पर जोर दिया जा रहा है।

मछली पालन-जलीय कृषि को मजबूती देने के लिए आधुनिक तकनीक और जानकारी किसानों तक पहुंचाने पर जोर।
मछली पालन-जलीय कृषि को मजबूती देने के लिए आधुनिक तकनीक और जानकारी किसानों तक पहुंचाने पर जोर। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मछली पालन और जलीय कृषि को मजबूती देने के लिए 14वें इंडियन फिशरीज एंड एक्वाकल्चर फोरम का आयोजन शुरू हो चुका है। 18 से 20 नवंबर तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में भारत समेत सात देशों के एक हजार से ज्यादा प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इनमें वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं, उद्यमियों, उद्योग प्रतिनिधियों और किसान शामिल हैं।

इस सम्मेलन में मछली पालन से जुड़े शोध किसानों तक पहुंचाने और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में देश सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। 

विज्ञान और समाज के बीच सहयोग बढ़ाना सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य
इस बार सम्मेलन का विषय ट्रांसफॉर्मिंग एक्वाकल्चर एंड फिशरीज: ब्रिजिंग साइंस एंड सोसाइटी रखा गया है। इसका मकसद मछली पालन और जलीय कृषि से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी को आगे बढ़ाना, नई तकनीकों को प्रोत्साहित करना और शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं, उद्योग जगत समेत किसानों के बीच सहयोग को मजबूत करना है।

आधुनिक तकनीकों और नए प्रयोगों को अपनाने पर जोर
सम्मेलन का उद्घाटन बैंकॉक स्थित नेटवर्क ऑफ एक्वाकल्चर सेंटर्स इन एशिया-पैसिफिक के महानिदेशक डॉ. एडुआर्डो लीआनो ने किया। उद्घाटन भाषण में उन्होंने कहा कि जलीय कृषि के क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए नए प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों को तेजी से अपनाने की जरूरत है।

मछुआरों की आमदनी में बेहतरी के लिए सहकारी मॉडल मजबूत हो
इस दौरान ICAR में मत्स्य विज्ञान के उप महानिदेशक डॉ. जे. के. जेना ने नई और उन्नत रिसर्च में अधिक निवेश करने की जरूरत बताई। उन्होंने मछली पालन के क्षेत्र में मजबूत वैल्यू चेन तैयार करने पर भी जोर दिया। वहीं, राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड) के मुख्य कार्यकारी डॉ. बी. के. बेहरा ने मछुआरों की आमदनी और जीवन स्तर बेहतर बनाने के लिए मछली पालन से जुड़ी सहकारी समितियों को मजबूत करने की बात कही। NIFTEM कुंडली, हरियाणा के पूर्व कुलपति डॉ. सी. वासुदेवप्पा ने मछलियों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ग्राहकों के बीच उनकी मांग और भरोसा बढ़ाने पर जोर दिया।

शोध के नतीजों को किसानों के लिए उपयोगी बनाने की जरूरत
सम्मेलन के संयोजक और ICAR-CIFA के निदेशक डॉ. पी. के. साहू ने कार्यक्रम में शामिल मेहमानों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान, उद्योग और किसानों के बीच बेहतर तालमेल बनाना जरूरी है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने के साथ वैज्ञानिक शोध के नतीजों को ऐसे आसान उपायों में बदलने की जरूरत है, जिनका इस्तेमाल किसान अपने काम में कर सकें।

कार्यक्रम में NACA के पूर्व महानिदेशक डॉ. ए. ई. एकनाथ, AFSIB के सचिव डॉ. के. एम. राजेश, ICAR-CIFE मुंबई के पूर्व निदेशक डॉ. दिलीप कुमार और मंगलुरु स्थित NITTE विश्वविद्यालय में FAO रेफरेंस सेंटर के सलाहकार डॉ. आई. करुणासागर भी शामिल हुए। इन विशेषज्ञों ने मछली पालन और जलीय कृषि के क्षेत्र में बदलती जरूरतों, शोध में हो रहे बदलावों और भविष्य के अवसरों पर अपने विचार रखे।

AI और जीनोम एडिटिंग जैसी तकनीकों पर होगी चर्चा
तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में टिकाऊ मछली पालन, जलीय पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर चर्चा की जाएगी। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), जीनोम एडिटिंग और प्रिसिजन एक्वाकल्चर जैसी तकनीकों के उपयोग पर भी विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।

इसके अलावा मछलियों के प्रजनन की आधुनिक तकनीकों, बेहतर मछली चारे के विकास, जलीय जीवों की सेहत और उनकी नस्लों में सुधार जैसे विषय भी चर्चा का हिस्सा होंगे। सम्मेलन में इन क्षेत्रों में हो रहे शोध और तकनीकी विकास को लेकर वैज्ञानिकों तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच विचारों का आदान-प्रदान होगा।

20 एजेंसियां प्रदर्शनी में दिखा रहीं नई तकनीकें और उत्पाद
सम्मेलन के साथ एक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है। इसमें 20 एजेंसियां मछली पालन और जलीय कृषि से संबंधित अपनी नई तकनीकों, उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रही हैं। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य किसानों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाना और उनके बीच संवाद तथा सहयोग के अवसर उपलब्ध कराना है।

उद्घाटन समारोह के दौरान कुछ वैज्ञानिक पुस्तकों और शोध पत्रों का भी विमोचन किया गया। इसके साथ ही मछली पालन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रमुख वैज्ञानिकों को एसोसिएशन ऑफ एक्वाकल्चरिस्ट्स के फेलो अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

टिकाऊ और तकनीक आधारित विकास के लिए बनेगी रणनीति
आयोजकों के अनुसार, इस तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य देश और विदेश के वैज्ञानिकों के बीच जानकारी का आदान-प्रदान बढ़ाना और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही भारत में मछली पालन और जलीय कृषि के टिकाऊ, समावेशी और तकनीक आधारित विकास के लिए ठोस योजनाएं तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।


विज्ञापन
विज्ञापन