विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Telangana Farmers Protest Demanding Release Of Water From Kadem Dam Fearing Paddy Crop Will Dry Up

तेलंगाना : कड़ेम बांध से पानी छोड़ने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, धान की फसल सूखने का डर

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 09 Nov 2026 03:45 PM IST
सार

तेलंगाना में कड़ेम बांध से सिंचाई का पानी मांग रहे किसानों का प्रदर्शन जारी है। धान की फसल बूटिंग अवस्था में है। किसानों ने 30 नवंबर तक पानी छोड़ने की मांग की है।
 

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तेलंगाना के निर्मल और मंचेरियल जिलों में कड़ेम बांध से सिंचाई के लिए पानी छोड़ने की मांग को लेकर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। सोमवार को जन्नारम मंडल के थापलापुर गांव में किसानों ने सड़क पर धरना दिया। किसानों की मांग है कि उनकी धान की फसल को बचाने के लिए बांध से जल्द पानी छोड़ा जाए।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि धान की फसल में इस समय बूटिंग (बाली निकलने से पहले की अवस्था) का चरण चल रहा है। इस दौरान फसल को कम से कम एक बार सिंचाई की जरूरत है। अगर इस समय पानी नहीं मिला तो फसल सूख सकती है और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से 30 नवंबर तक खेती के लिए पानी देने की मांग की है।

पीने के पानी के लिए सुरक्षित रखा जाएगा बांध का पानी
हाल ही में सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया था कि भविष्य में पेयजल की जरूरतों को देखते हुए बांध का पानी सुरक्षित रखा जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, 7 नवंबर से खेतों के लिए पानी की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। विभाग के इस फैसले से किसानों में नाराजगी है। उनका कहना है कि फसल को इस समय पानी की जरूरत है और आपूर्ति बंद होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है।

कई गांवों में पहले भी हो चुका है प्रदर्शन
कड़ेम बांध से पानी छोड़ने की मांग को लेकर इससे पहले भी कई गांवों के किसान प्रदर्शन कर चुके हैं। 5 नवंबर को रामपुर और थिम्मापुर गांव के किसानों ने फसलों की सिंचाई के लिए पानी की मांग करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया था।

चिंतागुड़ा गांव के किसानों ने भी बांध से पानी छोड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इन किसानों की चिंता है कि बांध के अंतिम छोर पर स्थित खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। ऐसे में धान की फसल बूटिंग अवस्था में सूखने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि समय पर सिंचाई नहीं हुई तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन