देश में चाय की खेती करने वाले किसानों और बागान मालिकों के लिए अच्छी खबर है। टी बोर्ड द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस साल सितंबर महीने में भारत का कुल चाय उत्पादन 15 प्रतिशत बढ़कर 184.22 मिलियन किलो हो गया है। पिछले साल इसी महीने में यह आंकड़ा 160.60 मिलियन किलोग्राम था। आंकड़ों के मुताबिक, उत्पादन में यह शानदार उछाल मुख्य रूप से देश के सबसे बड़े चाय उत्पादक राज्य असम में पैदावार सुधरने के कारण आया है।
असम और उत्तर भारत में पैदावार में सुधार
टी बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर भारत में चाय का उत्पादन पिछले साल के 139.31 मिलियन किलोग्राम की तुलना में इस बार 19 प्रतिशत बढ़कर 166.21 मिलियन किलोग्राम पर पहुंच गया है। सबसे बड़े उत्पादक असम में चाय के उत्पादन में 18 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह 93.97 मिलियन किलोग्राम से बढ़कर 110.90 मिलियन किलोग्राम हो गया है। इसमें से असम घाटी का उत्पादन 19 प्रतिशत बढ़कर 106.04 मिलियन किलोग्राम रहा। वहीं, कछार क्षेत्र में भी यह मामूली रूप से बढ़कर 4.86 मिलियन किलोग्राम दर्ज किया गया। गौरतलब है कि अगस्त महीने में असम का कुल चाय उत्पादन पिछले साल के मुकाबले गिरकर 104.05 मिलियन किलोग्राम रह गया था, लेकिन सितंबर में इसने अच्छी वापसी की है। अन्य उत्तर भारतीय राज्यों में भी उत्पादन 5.01 मिलियन किलोग्राम से बढ़कर 5.87 मिलियन किलोग्राम हो गया है।
पश्चिम बंगाल में शानदार बढ़त, दार्जिलिंग में मामूली कमी
टी बोर्ड के अनुसार, पश्चिम बंगाल में सितंबर के दौरान कुल उत्पादन 22.58 प्रतिशत की छलांग लगाकर 49.44 मिलियन किलोग्राम हो गया है, जो पिछले साल 40.33 मिलियन किलोग्राम था। राज्य के डुआर्स क्षेत्र में उत्पादन करीब 21 प्रतिशत बढ़कर 27.67 मिलियन किलोग्राम रहा, जबकि तराई क्षेत्र में यह 27 प्रतिशत बढ़कर 21.13 मिलियन किलोग्राम हो गया। हालांकि, इन अच्छे आंकड़ों के बीच दार्जिलिंग में चाय की पैदावार में थोड़ी कमी आई है और यह पिछले साल के 0.73 मिलियन किलोग्राम से घटकर 0.64 मिलियन किलोग्राम रह गई है।
दक्षिण भारत के चाय उत्पादन में दर्ज हुई गिरावट
जहां उत्तर और पूर्वी भारत में चाय की पैदावार बढ़ी है, वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में इस दौरान 15 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। दक्षिण क्षेत्र में उत्पादन पिछले साल के 21.29 मिलियन किलोग्राम से घटकर 18.21 मिलियन किलोग्राम रह गया है। इस गिरावट का मुख्य कारण तमिलनाडु में पैदावार का कम होना है, जहां इस अवधि में उत्पादन 22 प्रतिशत गिरकर 15.79 मिलियन किलोग्राम से 12.33 मिलियन किलोग्राम पर आ गया है। हालांकि, केरल में चाय का उत्पादन मामूली बढ़त के साथ 5.15 मिलियन किलोग्राम से 5.19 मिलियन किलोग्राम पर पहुंच गया। इसके अलावा, कर्नाटक में उत्पादन 40 प्रतिशत की अच्छी वृद्धि के साथ 0.35 मिलियन किलोग्राम से बढ़कर 0.49 मिलियन किलोग्राम दर्ज किया गया है।