विज्ञापन
Home Khabar Junction Tamil Nadu Cm Vijay Launches Expansion Of Breakfast Scheme For School Children

तमिलनाडु: स्कूली बच्चों के लिए ब्रेकफास्ट योजना का विस्तार, मेन्यू में उपमा, खिचड़ी और पोंगल और मिलेट्स

गांव जंक्शन डेस्क, चेन्नई Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 22 Sep 2026 01:49 PM IST
सार

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने मंगलवार को स्कूली बच्चों के लिए 'पेरुंथलाइवर कामराजार नाश्ता योजना' का विस्तार शुरू किया। इसके तहत अब कक्षा 6 से 8 तक के करीब 15.30 लाख अतिरिक्त छात्रों को भी योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए 217.63 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट आवंटित किया गया है, जिससे इस कार्यक्रम का कुल बजट 724 करोड़ रुपये हो गया है। चुनाव आयोग की आचार संहिता के चलते चेंगलपट्टू और तिरुपुर जिलों में यह योजना फिलहाल लागू नहीं होगी।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने किसानों को दी सौगात।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने किसानों को दी सौगात। - फोटो : एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने मंगलवार को यहां स्कूली छात्रों के लिए चल रही नाश्ता योजना के विस्तार की शुरुआत की। विजय ने थिरुवनमियूर स्थित गांधी ग्रामम के सरकारी मिडिल स्कूल में इस योजना की शुरुआत की, जहां उन्होंने खुद छात्रों को भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर खाना भी खाया। इसके बाद उन्होंने कक्षाओं का दौरा किया और छात्रों से बातचीत की।

15,454 स्कूलों के 15.30 लाख छात्रों को मिलेगा लाभ
अधिकारियों के मुताबिक, इस विस्तार से कक्षा 6 से 8 तक में पढ़ने वाले करीब 15.30 लाख अतिरिक्त छात्रों को फायदा होगा, जो 15,454 सरकारी और सरकार-सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के कामराज के सम्मान में नामित 'पेरुंथलाइवर कामराजार नाश्ता योजना' का यह विस्तार अब कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों को भी कवर करेगा, जो छात्रों के पोषण के मामले में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, ताकि वे दिन की शुरुआत स्वस्थ तरीके से कर सकें।

217.63 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट आवंटित
इस विस्तार को समर्थन देने के लिए चालू वित्त वर्ष में 217.63 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट आवंटित किया गया है, जिससे इस पूरे कार्यक्रम का कुल बजट बढ़कर 724 करोड़ रुपये हो गया है। कि यह योजना मूल रूप से 17 सितंबर को शुरू होनी थी, लेकिन मुख्यमंत्री विजय के हाल ही के आधिकारिक निवेश दौरे के लंदन जाने के चलते इसे टाल दिया गया था।

मेन्यू में उपमा, खिचड़ी और पोंगल, हफ्ते में दो बार मिलेट
नाश्ते के मेन्यू में उपमा, खिचड़ी और पोंगल जैसे पौष्टिक व्यंजन शामिल किए गए हैं, साथ ही हफ्ते में दो बार मिलेट (मोटे अनाज) आधारित विकल्प भी परोसे जाएंगे। यह योजना चेंगलपट्टू और तिरुपुर जिलों में फिलहाल लागू नहीं की जाएगी, क्योंकि इन जिलों में क्रमशः मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग की आदर्श आचार संहिता लागू है। 

कौन-कौन करेगा योजना का क्रियान्वयन
यह योजना ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन के जरिए इसकी एकीकृत रसोई (integrated kitchens) की मदद से 447 सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में लागू की जाएगी। वहीं नगर प्रशासन निदेशालय इसे अन्य कॉरपोरेशन, नगरपालिकाओं और आसपास के टाउनशिप इलाकों के 2,150 सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में एकीकृत रसोई के जरिए लागू करेगा। इसके अलावा तमिलनाडु महिला विकास निगम ग्रामीण इलाकों, टाउनशिप और उससे सटे ग्रामीण क्षेत्रों के 12,857 सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में इसे लागू करने का जिम्मा संभालेगा।

स्वयं सहायता समूह तैयार करेंगे नाश्ता
विज्ञप्ति में कहा गया है, "संबंधित स्कूलों में स्वयं सहायता समूहों के सदस्य नाश्ता तैयार करेंगे और परोसेंगे। इस योजना का विस्तार स्कूली शिक्षा की बुनियाद को और मजबूत करने के लिए किया जा रहा है, जिसमें छात्रों के स्वास्थ्य, पोषण, स्कूल उपस्थिति और सीखने के पहलुओं को एक साथ जोड़ा जा रहा है।"
विज्ञापन
विज्ञापन