Home›Khabar Junction›
Sugar Prices Fall Sharply Retail Price Drops To Rs 57 50 Per Kg Lowest In Up At Rs 55 09
चीनी के दाम में बड़ी नरमी : 57.50 रुपये किलो पर आया खुदरा भाव, यूपी में सबसे कम 55.09 रुपये
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 23 Sep 2026 09:42 AM IST
सार
देश में चीनी का औसत खुदरा भाव करीब 57.50 रुपये किलो रह गया है। उत्तर प्रदेश में यह 55.09 रुपये किलो है। वहीं, औसत एक्स-मिल भाव 4,450 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गया है, जो ऊंचे स्तर से करीब 30 फीसदी कम है।
देशभर में चीनी के दाम में हाल के दिनों में नरमी आई है। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत करीब 57.50 रुपये प्रति किलो रह गई है। इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) और नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्टरीज (NFCSF) ने मंगलवार को संयुक्त बयान में यह जानकारी दी।
दोनों संगठनों के मुताबिक, देश में चीनी का औसत एक्स-मिल भाव करीब 4,450 रुपये प्रति क्विंटल है। यह इसके सबसे ऊंचे स्तर से करीब 30 फीसदी कम है। दाम घटने का असर खुदरा बाजार में भी दिखाई दे रहा है, जहां कीमतों में करीब 11-12 फीसदी की कमी आई है।
यूपी में 55.09 रुपये किलो चीनी
21 सितंबर तक प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में खुदरा भाव राष्ट्रीय औसत से भी कम रहा। उत्तर प्रदेश में चीनी 55.09 रुपये प्रति किलो, महाराष्ट्र में 56.74 रुपये, कर्नाटक में 56.19 रुपये और तमिलनाडु में 57.45 रुपये प्रति किलो रही। ISMA और NFCSF ने कहा कि चीनी की कीमतों में यह बदलाव बाजार की स्थिति और सरकार के लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। इसका उद्देश्य बाजार में पर्याप्त चीनी उपलब्ध रखना और उपभोक्ताओं समेत सभी संबंधित पक्षों के हितों के बीच संतुलन बनाए रखना है।
सिर्फ 7.22 लाख टन चीनी महंगे भाव पर बिकी
चीनी मिलों को हालिया तेजी से बड़ा फायदा होने के दावे को दोनों संगठनों ने खारिज किया है। उनके अनुसार, दाम बढ़ने का दौर बहुत कम समय के लिए था और इसके बाद एक्स-मिल कीमतों में तेजी से गिरावट आई। संगठनों के मुताबिक, 17 से 31 अगस्त 2026 के बीच देश की चीनी मिलों ने करीब 7.22 लाख टन चीनी बेची। इसका औसत एक्स-मिल भाव 4,996.98 रुपये प्रति क्विंटल रहा।
भारत में सालाना घरेलू चीनी खपत करीब 285 लाख टन है। इस हिसाब से अगस्त के इन 15 दिनों में महंगे भाव पर बिकी चीनी कुल सालाना खपत का 2.5 फीसदी से भी कम है। संगठनों का कहना है कि 97.5 फीसदी से अधिक घरेलू जरूरत की चीनी सामान्य या कम भाव पर बाजार में पहुंची।
पूरे सीजन का औसत भाव 4100 रुपये
अक्टूबर 2025 से शुरू हुए मौजूदा चीनी सीजन में सितंबर के मध्य तक देशभर में चीनी का भारित औसत एक्स-मिल भाव करीब 4,100 रुपये प्रति क्विंटल, यानी 41 रुपये प्रति किलो रहा। ISMA और NFCSF के अनुसार यह औसत भाव चीनी मिलों की वास्तविक उत्पादन और संचालन लागत के मुकाबले काफी कम है।
किसानों को 1.12 लाख करोड़ रुपये का भुगतान
चीनी सीजन 2025-26 में मिलों ने गन्ना किसानों को अब तक करीब 1.12 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया है। यह कुल देय गन्ना भुगतान का 97 फीसदी से अधिक है। संगठनों ने इसे किसानों को समय पर भुगतान करने की दिशा में उद्योग की प्रतिबद्धता बताया है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।