Home›Khabar Junction›
Hathras Paddy Yields Fall But Market Prices Offer Relief To Farmers Exceeding Msp
Paddy: धान की पैदावार में कमी, लेकिन मंडी भाव ने किसानों को दी राहत, MSP से ज्यादा पहुंचा रेट
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 23 Sep 2026 09:22 AM IST
सार
हाथरस मंडी में 1509 धान की अगेती आवक शुरू हो गई है। मौसम की वजह से पैदावार करीब आधा क्विंटल प्रति बीघा घट गई, लेकिन किसानों को 3100 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है। यह मोटे धान के 2441 रुपये के MSP से 659 से 1459 रुपये तक अधिक है।
हाथरस मंडी समिति में 1509 किस्म के धान की अगेती आवक शुरू हो गई है। इस बार बारिश और मौसम के असर से धान की पैदावार में कमी आई है, लेकिन मंडी में मिल रहे अच्छे भाव ने किसानों को राहत दी है। मंडी में 1509 धान 3100 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है। वहीं मोटे धान का सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2441 रुपये प्रति क्विंटल तय है। इस लिहाज से मंडी में किसानों को MSP से 659 से 1459 रुपये प्रति क्विंटल तक अधिक भाव मिल रहा है।
पैदावार में करीब आधा क्विंटल प्रति बीघा कमी
किसानों के मुताबिक, पिछले साल 1509 धान की पैदावार करीब चार क्विंटल प्रति बीघा हुई थी। इस बार बारिश और मौसम के असर से यह घटकर करीब साढ़े तीन क्विंटल प्रति बीघा रह गई है। किसान विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें धान का 3100 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है। उनके मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले इस बार भाव बेहतर है। किसान दिनेश सिंह ने बताया कि पैदावार में करीब 50 किलो प्रति बीघा की कमी आई है, लेकिन 3900 रुपये तक मिल रहा भाव इस नुकसान की कुछ भरपाई कर रहा है।
पिछले साल के मुकाबले 500 से 700 रुपये ज्यादा भाव
आढ़ती मुकेश कुमार के अनुसार, इस साल धान के भाव में पिछले साल की तुलना में करीब 500 से 700 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, हाल में हुई बारिश के कारण धान में नमी बनी हुई है। इसके चलते मंडी में आवक कुछ कम है और किसानों को अभी सूखे धान का अधिकतम भाव मिलने में परेशानी हो रही है। आढ़तियों का कहना है कि मौसम साफ होने और धान में नमी कम होने के बाद किसानों को बेहतर भाव मिल सकता है।
एक अक्तूबर से शुरू होगी सरकारी खरीद
जिले में धान की सरकारी खरीद एक अक्तूबर से शुरू होगी। इसके लिए क्रय केंद्रों पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हालांकि, अभी शासन से जिले के लिए धान खरीद का लक्ष्य आने का इंतजार है। मंडी सचिव अनिल कुमार ने बताया कि पिछले साल मंडी में धान की अच्छी आवक हुई थी। इस बार भी बेहतर आवक की उम्मीद है और किसानों को उनकी उपज का उचित भाव मिलने की संभावना है। विपणन अधिकारी कमला प्रसाद यादव ने बताया कि एक अक्तूबर से जिले में धान खरीद शुरू होगी। क्रय केंद्रों पर तैयारियां की जा रही हैं और शासन से खरीद का लक्ष्य आने का इंतजार है।
जिले में 62 हजार हेक्टेयर में धान की खेती
हाथरस जिले में इस बार करीब 62 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती हुई है। पिछले साल सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद का लक्ष्य 4,000 मीट्रिक टन था। पिछले सीजन में मंडी में 19,06,639 क्विंटल धान की खरीद दर्ज की गई थी। इस बार भी अगेती फसल की आवक शुरू होने के बाद आने वाले दिनों में मंडी में धान की आवक बढ़ने की उम्मीद है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।