विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Successful Cultivation Of Kala Namak Rice Associated With Lord Buddha In Korba Beneficial For Both Diabetic

भगवान बुद्ध से जुड़ा काला नमक धान का कोरबा में सफल उत्पादन : डायबिटीज मरीजों-किसानों दोनों के लिए लाभकारी...

गांव जंक्शन डेस्क, रायपुर Published by: Devesh Saraswat Updated Sat, 14 Nov 2026 01:37 PM IST
सार

  • छत्तीसगढ़ के कोरबा में पहली बार काला नमक धान की प्राकृतिक खेती का सफल प्रयोग
  • यूपी के सिद्धार्थनगर से काला नमक धान की जड़े जुड़ी हुई हैं। इसे बुद्ध चावल भी कहा जाता है।
  • रूमगरा और रिस्दी के तीन खेतों में हुआ परीक्षण
  • 300 से 400 रुपये किलो तक बिकता है काला नमक चावल
  • किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद जगी।

 

काला नमक चावल का सफल उत्पादन कोरबा जिले के किसानों के लिए आय में बढ़ोतरी का दरवाजा खोल सकता है।
काला नमक चावल का सफल उत्पादन कोरबा जिले के किसानों के लिए आय में बढ़ोतरी का दरवाजा खोल सकता है। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पहली बार उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध काला नमक धान की प्राकृतिक खेती का सफल परीक्षण किया गया है। कृषि विभाग की पहल पर तराई क्षेत्रों की पहचान मानी जाने वाली इस खास फसल की खेती जिले में शुरू की गई है। विभाग के अनुसार, कोरबा की आबोहवा में इस धान की पैदावार, खुशबू और गुणवत्ता का पहला ट्रायल पूरी तरह सफल रहा है, जिससे स्थानीय किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद जगी है।

रूमगरा और रिस्दी के तीन खेतों में किसानों ने किया सफल उत्पादन
कृषि विभाग की योजना के अनुसार, शहर से लगे ग्राम रूमगरा और रिस्दी में 50-50 डिसमिल के तीन अलग-अलग खेतों में काला नमक धान की बुवाई की गई थी। विभाग के मुताबिक, इस प्रयोग का मुख्य उद्देश्य कोरबा की आबोहवा में इस विशेष धान की पैदावार, सुगंध और दानों की गुणवत्ता को अच्छी तरह परखना था। इस बदलाव की अगुवाई रूमगरा के किसान विजय सिंह कंवर व शिवकुमार कंवर और रिस्दी के किसान संजय कंवर ने की, जिन्होंने प्राकृतिक खेती के तरीकों को अपनाकर इस फसल का सफल उत्पादन किया है।

बाजार में 300 से 400 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा बड़ा मुनाफा
बाजार की स्थिति के अनुसार, सामान्य धान की कीमतें सीमित होने से किसानों को अधिक लाभ नहीं मिल पाता है, जबकि इसके विपरीत काला नमक चावल बाजार में 300 से 400 रुपये प्रति किलो तक के भाव पर बिकता है। ऐसे में इसकी खेती किसानों की माली हालत बदलने का बड़ा जरिया और बेहद मुनाफे का सौदा साबित हो सकती है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, इस किस्म का सफल उत्पादन भविष्य में जिले के अन्य किसानों को भी प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

पोषक तत्वों से भरपूर और डायबिटीज मरीजों के लिए लाभकारी
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, काला नमक चावल का ग्लाइसेमिक इंडेक्स सामान्य चावल के मुकाबले कम पाया जाता है, जिसके कारण इसका सेवन करने पर खून में शुगर का स्तर तेजी से नहीं बढ़ता और यह डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। स्वास्थ्य की दृष्टि से लोग इसे कुदरत का नायाब उपहार मानते हैं, क्योंकि इसमें प्रचुर मात्रा में प्रोटीन, आयरन, जिंक और शरीर के लिए आवश्यक विटामिन पाए जाते हैं। जानकारी के मुताबिक, अपने विशेष गुणों, लाजवाब स्वाद और अनोखी खुशबू के लिए पहचाने जाने वाले इस धान में 5 से 6 अलग-अलग वैरायटी उपलब्ध हैं।

भगवान बुद्ध से जुड़ा इस धान का इतिहास
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस खास धान के साथ धार्मिक इतिहास जुड़ा हुआ है और इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर से मानी जाती है। प्रचलित मान्यताओं के अनुसार, जब भगवान गौतम बुद्ध सिद्धार्थनगर क्षेत्र से गुजरे थे, तब उन्होंने स्थानीय लोगों को आशीर्वाद स्वरूप यह सुगंधित धान भेंट किया था, जिस कारण इससे बने व्यंजन को भगवान बुद्ध का महाप्रसाद माना जाता है। यह फसल उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर और गोरखपुर के तराई क्षेत्रों की प्रमुख पहचान रही है।

ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संजय पटेल के अनुसार, कोरबा में इस ऐतिहासिक धान का पहला सफल प्रयोग जिले की कृषि में एक बड़ा बदलाव लेकर आएगा। अधिकारी का कहना है कि कृषि विभाग की इस पहल से आने वाले समय में स्थानीय किसानों को आर्थिक समृद्धि प्राप्त होगी।


विज्ञापन
विज्ञापन