विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Strong Pace For Now But Challenges Ahead Rice Exports Grew By Over 18 In October Yet A Decline Is Expected

विदेशी बाजार में चमका भारतीय चावल : अक्तूबर में 18 फीसदी उछला निर्यात, वर्ष 2027 में गिरावट के आसार

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 16 Nov 2026 12:46 PM IST
सार

  • अप्रैल-अक्टूबर 2026-27 में चावल निर्यात 4.6% बढ़कर 6.81 अरब डॉलर पहुंचा।
  • अक्टूबर में चावल निर्यात में सालाना आधार पर 18% से अधिक की बढ़ोतरी।
  • पंजाब और हरियाणा की बंपर धान फसल से अनाज की उपलब्धता को मजबूती।
  • नवंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच 3.1 अरब डॉलर तक चावल निर्यात का अनुमान

भारत के चावल निर्यात में तेजी।
भारत के चावल निर्यात में तेजी। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर के बीच भारत का चावल निर्यात सालाना आधार पर 4.6 प्रतिशत बढ़कर 6.81 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। पश्चिम एशिया के संघर्ष के कारण हुई आपूर्ति बाधाओं और अल नीनो की वजह से घरेलू उत्पादन घटने की आशंकाओं के बावजूद, देश के इस सबसे बड़े कृषि उत्पाद के निर्यात में यह बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

अक्टूबर में चावल निर्यात 18 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ा
रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया के सबसे बड़े चावल निर्यातक भारत ने अकेले अक्टूबर 2026 में 1.02 अरब डॉलर का चावल विदेश भेजा है। पिछले साल के इसी महीने की तुलना में यह 18 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है। इससे पहले वित्त वर्ष 2026 में बासमती और गैर-बासमती किस्मों समेत कुल चावल निर्यात का मूल्य सालाना आधार पर 7.5 प्रतिशत घटकर 11.53 अरब डॉलर रहा था।

वैश्विक प्रतिस्पर्धा और कीमतों को संभालने की चुनौती
ऑल इंडिया राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रंजीत सिंह जोसन ने 'एफई' को बताया कि इस मजबूत प्रदर्शन के बावजूद भारत को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पाकिस्तान, थाईलैंड, वियतनाम और म्यांमार से कड़ी टक्कर मिल रही है। जोसन के अनुसार, चावल उद्योग को निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता, घरेलू खाद्य सुरक्षा और कीमतों में स्थिरता के बीच सावधानी से संतुलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि ऊंचे दामों के इस दौर में निर्यात को जारी रखते हुए देश के भीतर कीमतों को काबू में रखना सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती है।

बंदरगाहों पर संकट, लेकिन पंजाब-हरियाणा की बंपर फसल से मिली राहत
निर्यातकों के अनुसार, इराक, कुवैत, बहरीन, कतर, दम्माम और जेबेल अली के बंदरगाहों पर कामकाज अभी भी प्रभावित है। इस वजह से चावल की खेप भेजने के लिए लंबे और अधिक महंगे वैकल्पिक समुद्री रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। हालांकि, निर्यातकों का कहना है कि भारत के पास अभी भी चावल का अच्छा-खासा भंडार और मजबूत उत्पादन आधार मौजूद है, साथ ही उत्तर भारत में 2026-27 सीजन (अक्टूबर-सितंबर) के लिए धान की खरीद भी चल रही है। जोसन ने बताया कि देश के कई हिस्सों में सूखे जैसे हालात होने के बावजूद पंजाब और हरियाणा में हुई बंपर फसल ने देश में अनाज की कुल उपलब्धता को मजबूती दी है।

आने वाले तीन महीनों में अच्छे निर्यात की उम्मीद
चावल निर्यात और मार्केटिंग कंपनी 'राइस विला' के सह-संस्थापक और सीईओ सूरज अग्रवाल के अनुसार, अगले कुछ महीनों में भारतीय चावल निर्यात का रुख सावधानी के साथ सकारात्मक बना हुआ है। उन्होंने अनुमान जताया है कि मौजूदा निर्यात रफ्तार और बाजार के रुझानों को देखते हुए नवंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच भारत करीब 2.9 से 3.1 अरब डॉलर का चावल निर्यात कर सकता है। हालांकि, अग्रवाल के मुताबिक घरेलू कीमतों की चाल और फसल की उपलब्धता इस लक्ष्य को तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।

साल 2027 में चावल निर्यात 4 प्रतिशत घटने का अमेरिकी अनुमान
अमेरिकी कृषि विभाग ने अपने वैश्विक बाजार विश्लेषण में अनुमान लगाया है कि टूटे और सफेद चावल की कम आपूर्ति के कारण अगले साल यानी 2027 में भारत का चावल निर्यात 4 प्रतिशत घटकर 240 लाख टन (24 मिलियन टन) रह सकता है। यूएसडीए के अनुसार, वैश्विक अनाज व्यापार में 40 प्रतिशत से ज्यादा की सबसे बड़ी हिस्सेदारी रखने वाले भारत के निर्यात में यह संभावित गिरावट कम आपूर्ति के बीच बढ़ती कीमतों की वजह से आ सकती है। उल्लेखनीय है कि भारत पिछले एक दशक से दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक है और एशिया, मध्य पूर्व, यूरोप तथा अमेरिका समेत 140 से अधिक देशों को सुगंधित व लंबे दाने वाले बासमती और गैर-बासमती चावल भेजता है।

समुद्री उत्पादों के निर्यात में भी 13 प्रतिशत की जोरदार तेजी
चावल के बाद भारत के दूसरे सबसे बड़े कृषि निर्यात यानी समुद्री उत्पादों की मांग में भी लगातार उछाल बना हुआ है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की अप्रैल-अक्टूबर अवधि में समुद्री उत्पादों का कुल निर्यात सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 5.5 अरब डॉलर हो गया है। वाणिज्य मंत्रालय के शुरुआती अनुमानों के अनुसार, अक्टूबर 2026 में वन्नामेई और टाइगर झींगा (फ्रोजन श्रिम्प) तथा फ्रोजन मछली समेत समुद्री उत्पादों का निर्यात पिछले साल के मुकाबले 13 प्रतिशत बढ़कर 1.02 अरब डॉलर रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के सबसे बड़े बाजार अमेरिका को हुए मजबूत निर्यात और यूरोपीय संघ (ईयू) तथा अन्य देशों में व्यापार के विस्तार से वित्त वर्ष 2027 में अब तक यह बढ़त हासिल हुई है।


विज्ञापन
विज्ञापन